Dainik Athah

मुख्यमंत्री ने विधायकों- सांसदों को दी भरपूर तव्वजो

मुख्यमंत्री के अहमियत देने से पुलिस- प्रशासन को भी गया संदेश

योगी के काफिले में दूसरे नंबर पर चली विधायकों की गाड़ी

निरीक्षण के दौरान साथ रहे विधायक- सांसद

सोबरन सिंह
गाजियाबाद।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस प्रकार गाजियाबाद दौरे पर जन प्रतिनिधियों खासकर विधायकों को महत्व दिया है उसने विधायकों का उत्साह तो बढ़ा ही दिया, साथ ही सरकारी मशीनरी को भी संदेश भी दिया है। पहली बार ही यह भी हुआ कि सांसदों- विधायकों ने मुख्यमंत्री के साथ एक ही टेबल पर भोजन भी किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर गाजियाबाद में थे। शनिवार को उन्होंने सबसे पहले जन प्रतिनिधियों एवं भाजपा के जिला व महानगर पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे जिले का फीड बैक लिया। इसके बाद जब वे निरीक्षण को निकले तो विधायकों को भी अपने साथ लिया। विधायक सुनील शर्मा, अतुल गर्ग, अजीत पाल त्यागी, नंद किशोर गुर्जर एवं एमएलसी दो गाड़ियों में मुख्यमंत्री की गाड़ी के पीछे ही चल रहे थे। इसके साथ ही विधायकों को निरीक्षण के दौरान भी योगी ने अपने साथ ही रखा।

विधायकों की गाड़ी रोकने पर मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी ने जताई नाराजगी

हिंडन पुल के निरीक्षण के लिए जब मुख्यमंत्री पहुंचे तो किसी पुलिस अधिकारी ने विधायकों की गाड़ी को रोक दिया। इस पर मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी दौड़ कर पहुंचे और ऐसा करने से रोका। बाद में विधायकों की गाड़ी मुख्यमंत्री के गाड़ी के पीछे ही चली।

जल निगम अतिथि गृह में जन प्रतिनिधियों के साथ ही मुख्यमंत्री ने किया भोजन

निरीक्षण के बाद जब मुख्यमंत्री वापस उप्र जल निगम के अतिथि गृह में पहुंचे तब भोजन का समय हो गया था। मुख्यमंत्री भोजन करने बैठे तो वहां मौजूद केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह समेत सभी विधायकों से उन्होंने कहा भोजन कीजिये। विधायकों ने कहा आप कर लीजिये, हम अलग से कर लेंगे। लेकिन मुख्यमंत्री ने विधायक सुनील शर्मा, अजीत पाल त्यागी, अतुल गर्ग, नंद किशोर गुर्जर एवं दिनेश गोयल को अपने साथ ही बैठाया और साथ ही भोजन किया। मुख्यमंत्री से मिल रहे इस स्नेह से विधायकों में खुशी थी।

मुख्यमंत्री को परोसी गई चार सब्जियां, सलाद तक में नहीं थी प्याज

भोजन पूरी तरह सादा था। इस दौरान शाही पनीर, तोरी, मिक्स वेज, दाल के साथ ही रोटी एवं चावल परोसा गया। प्याज न तो सलाद में थी और न ही किसी सब्जी में प्याज थी। यह भोजन विधायक सुनील शर्मा की पसंद का भी था। वे प्याज नहीं खाते। इसके साथ ही बंगाली रसगुल्ला खिलाकर विधायकों का मुंह मीठा करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *