Dainik Athah

भाजपा नेताओं- कार्यकर्ताओंं की न सुनने वाले अफसरों की मांगी सूची

प्रदेश के अफसरों की कार्यप्रणाली को लेकर मुख्यमंत्री के तेवर कड़े

विधायकों के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों की बातें भी नहीं सुनते अफसर

अथाह संवाददाता
सहारनपुर।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पहले ही मंडल की समीक्षा करते हुए कड़े तेवर दिखाये। अफसरों द्वारा विधायकों एवं पार्टी पदाधिकारियों की बात न सुनने के आरोप लगने पर उन्होंने ऐसे अफसरों की सूची भी मांग ली। मुख्यमंत्री के सूची मांगने पर मंडल के अफसरों के माथे पर चिंता की लकीरें नजर आने लगी।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सहारनपुर मंडल की समीक्षा करने आये थे। मुख्यमंत्री ने सहारनपुर दौरे के दौरान पुलिस लाइन में जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान भाजपा के स्थानीय नेताओं ने इस बात की शिकायत की कि जिले के कुछ अधिकारी सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं की बात नहीं सुनते, जिससे गरीब लोगों का काम नहीं हो पाता है। इस पर मुख्यमंत्री ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं और कार्यकतार्ओं की बात नहीं सुनने वाले अधिकारियों की सूची मांगते हुए कहा कि हर व्यक्ति का जायज काम बिना किसी भेदभाव के किया जाएगा। इस पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर यह हो रहा है तो ऐसे अधिकारियों की सूची उन्हें उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काम किसी भी पार्टी या व्यक्ति का हो, अगर वह जायज है तो उसे होना चाहिए; सरकार बगैर किसी भेदभाव के कार्य करती है और अगर किसी को कोई समस्या है तो उसका समाधान किया जाना चाहिए, यही सरकार की प्राथमिकता है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता यह न समझे कि उसे किसी सीढ़ी की जरूरत है; वे हेल्पलाइन नम्बर पर बात कर सकते हैं, मुख्यमंत्री पोर्टल पर लिख सकते है और तब भी उनकी समस्या का समाधान न हो तो वे मुझे सीधे लिख सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने इस बैठक के दौरान उपस्थित जन प्रतिनिधियों और कार्यकतार्ओं को वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी करने के लिये जरूरी निर्देश भी दिए। अपने सहारनपुर दौरे के दौरान योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में मंडल के अधिकारियों के साथ की गई बैठक में कहा कि हरियाणा की तर्ज पर सहारनपुर मे भी प्लाईवुड फैक्ट्री लगाई जायेगी, जिससे सहारनपुर के ही नहीं बल्कि आसपास के युवाओं को भी रोजगार मिलेगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओ का लाभ आम जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाये व इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसके बाद नगर निगम परिसर मे स्थापित किए गए एकीकृत कमांड नियंत्रण केन्द्र का निरीक्षण करते हुए वहां की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर शहर को पूरी तरह ‘सुरक्षित’ बनाने के लिए अधिक से अधिक कैमरे लगाए जाएं, ताकि अपराध को नियंत्रित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *