Dainik Athah

भाजपा तिरंगा यात्रा के साथ दंगा भी करवा सकती है: अखिलेश यादव

समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र को जयंती पर अखिलेश ने किया नमन

पहली बरसात में ही ध्वस्त बुंदेलखंड एक्सप्रेस की ईडी- सीबीआई कब जांच कब

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती पर जनेश्वर मिश्र पार्क में कहा कि 15 हजार करोड़ की लागत से बने जिस बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे का प्रधानमंत्री ने उद्घाटन किया था वह पहली बारिश में ही ढह गया। इसकी जांच ईडी या सीबीआई से कब होगी? उन्होंने कहा कि पूरे देश को समझना चाहिए कि आरएसएस और भाजपा एक ही है। नागपुर में आरएसएस के मुख्यालय पर पांच दशक तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया। समाजवादियों ने जनेश्वर मिश्र पार्क में सबसे ऊंचा तिरंगा झंडा सम्मान के साथ लगवाया था।

अखिलेश यादव ने आशंका जताई कि भाजपा तिरंगा यात्रा के साथ दंगा भी करवा सकती है। कासगंज में पिछले समय तिरंगा यात्रा में दंगा हुआ था। कासगंज में भाजपा ने कासगंज में भाजपा ने ही हिन्दू-मुसलमान के नाम पर दंगा कराया था। भाजपा ने हमेशा पिछड़ो, दलितों और खासकर मुसलमान भाइयों को धोखा देने का काम किया है। भाजपा बांटने की राजनीति करती है। समाजवादी सरकार बनने पर जातीय जनगणना कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा की जब सरकार आती है, महंगाई बढ़ा देती है। देश में इतनी महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार कभी नहीं था। आज हर चीज के दाम बढ़ गए है। दूध, दही, घी, पर कभी टैक्स नहीं लगा था, भाजपा ने उस पर जीएसटी लगाकर महंगा कर दिया।

यादव ने कहा कि देश में 22 करोड़ युवाओं ने नौकरी के लिए फार्म डाला लेकिन उन्हें नौकरी नहीं मिली। सरकार बताए कि अग्निवीर योजना में कितने नौजवानों को नौकरी दी गई। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा पुलिस हिरासत में मौतें हुई है। कानून व्यवस्था नाम की राज्य में कोई चीज नहीं। लूट, अपहरण, हत्या, महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं प्रतिदिन घट रही है। सबका साथ सबका विकास धोखा है। मानवाधिकार आयोग ने उत्तर प्रदेश सरकार को सबसे ज्यादा नोटिसें दे चुका है इसके बावजूद उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार का बुलडोजर चलना बंद नहीं हो रहा है। ऐसे हालात में उत्तर प्रदेश में पूंजी निवेश कैसे आएगा? एशिया का सबसे बड़ा लूलू माल समाजवादी सरकार के समय का निवेश है, भाजपा का नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के पास सूझबूझ नहीं है कि एक ट्रिलियन इकानॉमी कैसे आए? जिस प्रदेश में सबसे ज्यादा डिजिटल फ्रॉड होते हैं, वहां निवेश कैसे आएगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *