Dainik Athah

योगी के मंत्रिमंडल में बेबी रानी मौर्य समेत पांच महिलाओं को बनाया गया मंत्री

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही वह प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं जिन्होंने पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा सत्ता संभाली है। उनके साथ दो मुख्यमंत्री और 50 अन्य मंत्रीयों ने भी शपथ ली। योगी के मंत्रिमंडल में पांच महिला मंत्रियों को स्थान मिला है। 

योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में बेबी रानी मौर्य को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। गुलाब देवी को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में शपथ दिलाई गई है। इनके साथ ही तीन महिलाओं को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई है। इनमें प्रतिभा शुक्ला, रजनी तिवारी और विजय लक्ष्मी गौतम शामिल हैं।

बेबी रानी मौर्य कैबिनेट मंत्री : योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में बेनी रानी मौर्य ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली है। भाजपा की ओर से बेबी रानी मौर्य को आगरा ग्रामीण विधानसभा सीट से दलित चेहरे के तौर पर 2022 के चुनाव में लांच किया गया था। दिग्गज नेता बेबी रानी मौर्य ने 76,608 से ज्यादा वोटों से बसपा प्रत्याशी किरण प्रभा केसरी को हराया है। भाजपा विधायक हेमलता दिवाकर कुशवाह से लोग खासे नाराज थे, ऐसे में भाजपा ने चुनावी मैदान में बेबी रानी मौर्य को उतारा था।

गुलाब देवी राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार : गुलाब देवी ने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार की शपथ ली। वह संभल जिले की चंदौसी विधानसभा सीट से जीती हैं। गुलाब देवी इस साल पांचवीं बार विधायक बनी हैं। उन्होंने सपा प्रत्याशी विमलेश कुमारी को 35420 वोटों से हराया है। चंदौसी सीट से विधायक बनीं गुलाब देवी ने 2022 में शानदार जीत दर्ज की है। शिक्षक रहीं गुलाब देवी की तीन बेटियां हैं। वह साल 2002 और 2017 में भी विधायक बनी थीं।

प्रतिभा शुक्ला राज्यमंत्री : योगी कैबिनेट में प्रतिभा शुक्ला को राज्यमंत्री बनाया गया है। उन्होंने अकबरपुर-रनियां विधानसभा सीट से जीत हासिल की है। अकबरपुर रनिया विधानसभा सीट को दलित बाहुल्य सीट के तौर पर मानी जाती है। 2017 में भाजपा के ट‍िकट पर प्रत‍िमा शुक्‍ला मैदान में थीं। उन्होंने चुनाव से पहले ही बसपा छोड़कर भाजपा की सदस्‍यता ली थी। इस चुनाव में प्रत‍िमा ने 27 हजार वोटों के अंतर से सपा के नीरज स‍िंह को हराया।

विजय लक्ष्मी गौतम राज्यमंत्री : विजय लक्ष्मी गौतम ने योगी आदित्यनाथ सरकार में राज्यमंत्री के रूप में थपथ ग्रहण किया है। सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक विजय लक्ष्मी गौतम देवरिया शहर के देवरिया खास मोहल्ले की निवासी हैं। वह भाजपा महिला मोर्चा की देवरिया नगर की अध्यक्ष रह चुकी हैं। भाजपा ने 2012 में उन्हें सलेमपुर विधानसभा से प्रत्याशी बनाया, लेकिन वह सपा प्रत्याशी से चुनाव हार गई। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने विधायक काली प्रसाद का टिकट काटकर विजय लक्ष्मी गौतम को पार्टी का प्रत्याशी बनाया। वह कोटेदार के रूप में कार्य करने के साथ ही सामाजिक व राजनीतिक रूप से बेहद सक्रिय हैं।

रजनी तिवारी राज्यमंत्री : शाहाबाद विधानसभा से भाजपा विधायक रजनी तिवारी लगातार तीन बार विधायक रह चुकी हैं। वर्ष 2008 में तत्कालीन बिलग्राम विधान सभा क्षेत्र से उपचुनाव में पहली बार विधायक बनीं थीं। उन्होंने अपने पति पूर्व विधायक स्वर्गीय उपेंद्र तिवारी की राजनीतिक विरासत संभाली थी। इस बार के विधानसभा चुनाव में शाहाबाद से चौथी बार विधायक बनकर उन्होंने रिकार्ड बनाया है। उन्होंने सपा प्रत्याशी आसिफ खां बब्बू को 6873 वोटों से हराकर जीत दर्ज की।भाजपा प्रत्याशी की यह चौथी जीत है। इससे पूर्व वह 2008 के उपचुनाव में बिलग्राम से, 2012 में सवायजपुर से एवं 2017 में शाहाबाद से विधायक चुनी गईं।

विधायक बनीं 42 महिलाएं : 18वीं विधानसभा के लिए हुए चुनाव में 42 महिलाएं जीतने में कामयाब रही हैं। पांच वर्ष पहले 17वीं विधानसभा के चुनाव में भी 42 महिला विधायक चुनी गई थीं। गौरतलब है कि अबकी कुल 4442 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे इनमें 561 महिलाएं थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *