Dainik Athah

kozhikode Plane Crash:मुआवजे का ऐलान, विमान का DFDR भी बरामद

कोझिकोड, एजेंसियां। दुबई से आ रहा एयर इंडिया का विमान शुक्रवार देर शाम केरल के कोझिकोड में एयरपोर्ट पर हादसे का शिकार हो गया। भारी बारिश के चलते रनवे पर पानी भरा था और लैंडिंग के समय विमान फिसलकर लगभग 50 फीट गहरी खाई में जा गिरा। विमान में सवार 18 लोगों की मौत हो चुकी है और 127 लोग घायल हैं।

रेस्क्यू कार्य में जुटी टीम

जानकारी के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने विमान से डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर बरामद किए। इन्हें आगे की जांच के लिए दिल्ली लाया जाएगा। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कोझिकोड एयरपोर्ट का दौरा किया। उन्होंने विमान हादसे में मुआवजे का भी ऐलान किया है।

नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कोझिकोड एयरपोर्ट का दौरा करते हुए।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने विमान हादसे में घायल लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। उन्होंने पीड़ितों को अंतरिम राहत के रूप में मृतकों के परिजन को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2 लाख रुपये और मामूली चोटों का सामना करने वालों को 50 हजार रुपये की सहयोग राशि देने का ऐलान किया है।

– कोझीकोड प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाले सह-पायलट अखिलेश कुमार के चचेरे भाई बासुदेव ने बताया कि वह बहुत विनम्र और अच्छे व्यवहार वाले व्यक्ति थे। उनकी पत्नी अगले 15-17 दिनों में अपने बच्चे को जन्म देने वाली हैं। वह 2017 में एयर इंडिया में शामिल हुए थे और लॉकडाउन से पहले घर आए थे।

– केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कोझिकोड मेडिकल कॉलेज का दौरा किया, यहां कोझिकोड विमान हादसे में घायल हुए यात्री भर्ती हैं।

– केंद्रीय उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। मंत्री कल शाम को हुई हवाई दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्यों का जायजा ले रहे हैं। इसके बाद वह सीनियर एविएशन अधिकारियों और प्रफेशनल्स के साथ चर्चा करेंगे।

– सीआईएसएफ के स्पेशल डीजी एमए गणपति ने कहा कि दुर्घटना शाम को 7 बजकर 40 मिनट पर हुई। विमान रनवे को पार कर गया और टेबलटॉप से गिर गया। प्लेन के दो टुकड़े हो गए। 40 से ज्यादा सीआईएसएफ कर्मी, क्विक रिस्पॉन्स टीम और मुख्य सुरक्षा अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और फंसे हुए यात्रियों को बार निकालने का काम शुरू कर दिया।

– केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन कोझिकोड एयरपोर्ट का दौरा करने पहुंचे हैं। उन्होंने यहां अधिकारियों से हादसे के बारे में जानकारी ली और मौके का निरीक्षण किया। हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई है।

– केरल की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने विमान हादसे के बाद बचाव कार्यों में लगे लोगों को सेल्फ क्वारंटीन होने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि केरल सरकार उन सभी का कोरोना टेस्ट कराएगी।

– विमान से डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (DFDR) बरामद कर लिया गया है। कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) को बरामद करने के लिए फ्लोरबोर्ड को काटा जा रहा है: DGCA के अधिकारी

सभी यात्रियों और परिवार के सदस्यों को मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए दिल्ली और मुंबई से दो स्पेशल रिलीफ फ्लाइट्स की व्यवस्था की गई है। एएआईबी, डीजीसीए और फ्लाइट सेफ्टी डिपार्टमेंट घटना की जांच करने के लिए पहुंच चुके हैं: एयरइंडिया एक्सप्रेस

वंदे भारत अभियान पर था विमान

बोइंग 737 विमान वंदे भारत अभियान के तहत खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों को वापस ला रहा था। कोझिकोड के कारीपुर एयरपोर्ट के टेबलटॉप रनवे संख्या 10 पर शुक्रवार की शाम सात बजकर 41 मिनट पर उतरते हुए हादसे का शिकार हो गया और उसके दो टुकड़े हो गए। पहले हिस्से को ज्यादा नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि विमान में आग नहीं लगी और बड़ी संख्या में लोगों की जान बच गई। बारिश के चलते कम रोशनी भी हादसे की एक वजह बनी।

हादसे की जांच करेगा एएआइबी

नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने ने ट्वीट किया, ‘कोझिकोड में हुई हवाई दुर्घटना से दुखी और व्यथित हूं। यात्रियों की मदद के लिए हर कोशिश की जा रही है। एयरक्राफ्ट एक्सिडेंट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआइबी) इस हादसे की जांच करेगा।’ देर रात को किए ट्वीट में पुरी ने कहा, ‘उड़ान की सूची के मुताबिक विमान में 190 लोग सवार थे। इनमें 174 वयस्क यात्री, 10 नवजात, चार चालक दल के सदस्य और दो पायलट शामिल हैं।’

दो बार की थी लैंडिंग की कोशिश

ग्लोबल फ्लाइट ट्रैकर वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24’ के मुताबिक केरल में एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान ने कोझिकोड एयरपोर्ट पर दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले कई बार ऊपर चक्कर लगाए थे और दो बार और भी लैंडिंग की कोशिश की थी, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिल पाई थी। विमान के एक यात्री रियास ने भी इस बात की पुष्टि की कि विमान ने पहले भी दो बार लैंडिंग की कोशिश की थी। एक अन्य यात्री फातिमा ने बताया कि विमान बहुत तेजी से नीचे उतरा था और आगे तक चला गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *