Dainik Athah

मेरठ- गाजियाबाद सीट से किसी ब्राह्मण चेहरे पर दाव लगा सकती है भाजपा

एमएलसी प्रत्याशियों की सूची 19 को होगी जारी

अब 21 तक दाखिल होने हैं प्रत्याशियों के नामांकन

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
विधान परिषद (एमएलसी) स्थानीय निकाय सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी की सूची अब होली के बाद 19 मार्च को जारी होने की उम्मीद है। दिल्ली में हुई बैठक में प्रत्याशियों को लेकर मंथन पूरा हो चुका है। इस बार मेरठ- गाजियाबाद- हापुड़- बागपत सीट पर भाजपा किसी ब्राह्मण चेहरे पर दाव लगा सकती है।

बता दें कि नौ अप्रैल को एमएलसी चुनाव के लिए प्रदेश में 36 सीटों पर मतदान होना है। इससे पहले 21 मार्च तक नामांकन हो सकेंगे। प्रदेश सरकार द्वारा होली का अवकाश 18 एवं 19 मार्च को घोषित किये जाने के बाद चुनाव आयोग ने नामांकन की अंतिम तारीख 21 मार्च कर दी है। इस सीट पर वर्तमान समय में करीब दो दर्जन से अधिक दावेदार है। इसमें वो लोग भी शामिल है जिन्हें विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिला। इसके साथ ही बड़ी संख्या में संगठन से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल है। सूत्रों के अनुसार दिल्ली में बुधवार को हुई मैराथन बैठक में एमएलसी के सभी 36 सीटों के प्रत्याशियों के नाम करीब करीब तय कर लिये गये हैं।

लेकिन प्रत्याशियों की घोषणा भाजपा शुक्रवार को देर रात अथवा शनिवार को करेगी। सूत्रों का दावा है कि भाजपा यह चाहती है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की मेरठ- गाजियाबाद सीट पर किसी ब्राह्मण को मौका दिया जाये। इसके पीछे तर्क यह दिया जा रहा है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट वर्ग को अब तक पदों के साथ ही ब्लाक प्रमुख एवं जिला पंचायत चुनावों में भी प्राथमिकता दी गई थी। आम जनता में कोई गलत संदेश न जाये इसी कारण मेरठ- गाजियाबाद सीट पर गैर जाट एवं खासकर ब्राह्मण प्रत्याशी को मैदान में उतारने की चर्चा है। इसमें मुख्य रूप से मेरठ भाजपा जिलाध्यक्ष विमल शर्मा के साथ ही धर्मेंद्र भारद्वाज का नाम लिया जा रहा है। विमल शर्मा जहां पुराने कार्यकर्ता है, वहीं भारद्वाज समाज सेवा के माध्यम से जनता से जुड़े हैं। भारद्वाज पैसा खर्च करने में भी पीछे नहीं है।

हालांकि एक बड़ा वर्ग इस सीट पर जाट प्रत्याशी उतारना चाहता है। सूत्र बताते हैं कि पश्चिम की ही किसी एक सीट से जाट प्रत्याशी भी मैदान में उतारा जा सकता है। अब देखना यह है कि इस सीट पर पार्टी किसे प्रत्याशी बनाना चाहती है।

भाजपा में कौन कौन है टिकट के दावेदार

प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजपाल तेवतिया, सत्येंद्र चौधरी, मेरठ भाजपा जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, सुदन रावत, मेरठ के धर्मेंद्र भारद्वाज, पूर्व महापौर आशु वर्मा, भाजपा किसान मौर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजा वर्मा, पूर्व प्रमुख कृष्णवीर सिंह, लोनी के पूर्व प्रमुख अनिल कसाना, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा, मुनेंद्र पाल सिंह, गढ़ के पूर्व विधायक कमल सिंह मलिक, सुनील भराला समेत करीब दो दर्जन दावेदार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *