Dainik Athah

एमएलसी स्थानीय निकाय चुनाव: भाजपा की सूची तैयार, घोषणा का इंतजार

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
विधान परिषद की 36 सीटों के लिए भाजपा ने अपना मंथन पूरा कर लिया है। यदि इंतजार है तो बस सूची के घोषित होने का।

बता दें कि भाजपा ने विधान परिषद चुनावों के लिए विधानसभा चुनाव के दौरान ही एमएलसी चुनाव के लिए कसरत शुरू कर दी थी। दो दिन पूर्व ही प्रदेश संगठन ने सभी जिलों एवं महानगरों से संभावित प्रत्याशियों के साथ ही आवेदकों की सूची मांग ली थी। इसके बाद मुख्यमंत्री निवास में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में नामों पर विचार कर सूची तैयार की गई।

भाजपा सूत्रों के अनुसार बैठक में मुख्यमंत्री के साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, राष्टÑीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं दिनेश शर्मा भी उपस्थित थे। सभी नामों पर विचार करने के साथ ही भाजपा ने संभावित प्रत्याशियों की सूची को करीब करीब अंतिम रूप दे दिया है। हर सीट पर एक प्रत्याशी का नाम तय करने के साथ ही सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी गई है।
भाजपा सूत्रों की मानें तो 17 एवं 18 मार्च को होली का अवकाश है। इस कारण नामांकन के लिए एक दिन ही बचेगा। इसी कारण भाजपा का प्रयास है कि मंगलवार को देर रात तक अथवा बुधवार को दिन में ही प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाये। इस सूची में सपा से आने वाले एमएलसी के नाम भी शामिल है। लेकिन विधानसभा चुनाव में जिनके खिलाफ भीतरघात की शिकायतें मिली है उन नामों पर पार्टी ने विचार ही नहीं किया गया। अब सभी को सूची जारी होने का इंतजार है।

गाजियाबाद- मेरठ- हापुड़- बागपत सीट के लिए दो दर्जन से ज्यादा दावेदार

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
एमएलसी की गाजियाबाद- हापुड़- मेरठ- बागपत सीट के लिए करीब दो दर्जन से अधिक दावेदार है जो टिकट मांग रहे हैं। अब प्रदेश नेतृत्व के पाले में गेंद है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार एमएलसी चुनाव के लिए हो सकता है कि सबसे अधिक दावेदार इसी सीट पर हो। सभी को यह पता है कि पार्टी के सत्ता में होने के कारण उन्हें लाभ मिलेगा। इस सीट पर वरिष्ठ नेता आशु वर्मा, बृजपाल तेवतिया, सत्येंद्र चौधरी, राजा वर्मा, प्रशांत चौधरी, सुदन रावत, अनिल कसाना, भोजपुर के पूर्व प्रमुख कृष्णवीर सिंह जहां गाजियाबाद जिले से हैं, वहीं मेरठ से व्यापारी नेता विनीत अग्रवाल शारदा, मुनेंद्र पाल सिंह, गढ़मुक्तेश्वर के पूर्व विधायक कमल सिंह, हापुड़ नगर पालिका चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत समेत बड़ी संख्या में नाम शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *