Dainik Athah

300 से ज्यादा सीटों लेकर सपा गठबंधन की बनेगी सरकार- राजेंद्र चौधरी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि राज्य विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी गठबंधन 300 से ज्यादा सीटों पर जीत के बाद जनादेश से सरकार बनाने जा रहा है। मतदाताओं ने छह चरणों के मतदान के बाद आज सातवें चरण में भी समाजवादी पार्टी और गठबंधन की झोली भरने में कोई कसर नहीं रखी। जनता का यह विश्वास समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के नेतृत्व के प्रति भरोसे का परिचायक है।

उत्तर प्रदेश में भाजपा के प्रति जनता में हर ओर विरोध की लहर है। भाजपा के झूठे वादों और विपक्ष के प्रति अपमानजनक रवैये से लोग त्रस्त हैं। महंगाई और बेरोजगारी से लोग परेशान है। किसान, नौजवान, व्यापारी सभी भाजपा राज में परेशान कर रहे हैं। भाजपा को अतः सभी ने करारा सबक सिखाने का मन बना लिया। विधानसभा चुनावों के विभिन्न चरणों में जनरोष को देखते हुए भाजपा ने डूबती नैया देखकर धांधली करने और निष्पक्ष तथा स्वतंत्र चुनाव को कलंकित करने का प्रयास किया पर जब जनता स्वयं उसका विकल्प तलाशने लगी तो उसकी बाजी पलट गई। चुनाव आयोग को भी शिकायतें मिली कि कई जनपदों में बूथों पर ई.वी.एम. खराब रही। घंटों मतदाता परेशान रहे। कई जगह अवांछित तत्वों की मतदान केन्द्रों में आवाजाही देखी गई और कहीं-कहीं अधिकारी भी भाजपा कार्यकर्ता बने दिखाई दिए।

खेद का विषय है कि पहले चरण से ही ई.वी.एम. में खराबी से मतदाताओं को होने वाली परेशानी की तमाम शिकायतों के बावजूद अंतिम चरण में भी तमाम मतदान केन्द्रों पर शिकायतें बनी रही। बड़ी संख्या में मतदाता घंटों अपनी बारी के इंतजार के बाद वापस लौट गए। जनपद मऊ के मधुबन के बूथ संख्या 154 पर बटन दबाने पर न तो ई.वी.एम. में लाइट जलती है न वीप की आवाज आती है। इसके बावजूद मतदान कर्मी कहते हैं आपका वोट पड़ गया। आजमगढ़ में अतरौलिया के बूथ संख्या 214, 215 पर मतदान अधिकारी केवल बीएलओ की पर्ची से ही वोट डालने दे रहे हैं। गाजीपुर के विधानसभा जखनिया के बूथ संख्या 69 की ई.वी.एम. में वोट डालने के बाद वीप की आवाज नहीं आ रही है। मतदान कर्मी दुर्व्यवहार कर रहे हैं।

चंदौली जनपद के मुगलसराय के बूथ संख्या 137 पर ई.वी.एम. की साइकिल निशान वाले बटन पर फेवीकोल डाल दिया गया है। जनपद गाजीपुर के मोहम्मदबाद के बूथ संख्या 4, 5, 6 के बाहर भाजपा के दबंगों द्वारा पर्ची फाड़कर फेंक दे रहे हैं। वाराणसी के दक्षिणी विधानसभा के बूथ संख्या 216 पर ई.वी.एम. के वी.वी.पैट में चार-पांच वोट पड़ने के बाद पर्ची ब्लैंक हो जाती है और चुनाव निशान दिखाई नहीं पड़ता है। वाराणसी में रोहनिया विधानसभा में बूथ संख्या 188 पर मतदान कर्मी स्वयं भाजपा के लिए वोट डलवा रहे है। वाराणसी उत्तरी विधानसभा के बूथ संख्या 420 पर भाजपा प्रत्याशी की फोटो छपी पर्ची देकर लोगों को अंदर भेज रहे हैं। चंदौली में भी भाजपा के पक्ष में वोट डालने का दबाव डाला जा रहा है। मुगलसराय विधानसभा के बूथ संख्या 134,135,136,137 पर ग्राम प्रधान बूथ पर भाजपा के लिए काम कर रहे हैं।

यही सैय्यदराजा विधानसभा की बूथ संख्या 168 पर तथा आजमगढ़ जनपद में गोपालपुर की विधानसभा के बूथ संख्या 340 पर भाजपा के ग्राम प्रधान वोट डलवा रहे है। आजमगढ़ के दीदारगंज विधानसभा के बूथ संख्या 53,54, पर एसओ मदन गुप्ता सपा समर्थकों पर लाठियां भांज कर भगा रहा है। यहां बुजुर्ग महिलाओं, अशक्त मतदाताओं के वोट पीठासीन अधिकारी स्वयं डाल रहे हैं। जौनपुर में भी यही कहानी दोहराई जा रही है।

जनपद जौनपुर की विधानसभा मल्हनी के बूथ संख्या 394 पर धनंजय सिंह के लोग सपा के वोटरों को वोट नहीं डालने दे रहे हैं। बदलापुर विधान सभा के बूथ संख्या 116 पर पीठासीन अधिकारी भाजपा कार्यकर्ता बनकर काम कर रहा है। मऊ की मुहम्मदाबाद गोहना के बूथ संख्या 391,392, पर भाजपा के दबंग लोग अनुसूचित जाति के लोगों को वोट नहीं डालने दे रहे हैं। जौनपुर के बूथ संख्या 224, 225, पर भाजपा प्रत्याशी गिरीश यादव फर्जी वोटिंग करा रहे हैं। राबर्ट्सगंज के बूथ संख्या 154 पर तैनात एसओ द्वारा सपा के बूथ एजेन्ट की पर्ची फाड़कर वहां से भगा दिया गया है। चुनाव आयोग को ये शिकायते भेज दी गई है पर कार्यवाही में विलम्ब हो रहा है। यह स्वतंत्र एवं  निष्पक्ष चुनाव में बाधक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *