Dainik Athah

डबल इंजन की सरकार में जंग लग गया है, उसे हटाने को जनता तैयार है: डिंपल यादव

तीन बहुएं पहुंंची सिराथु में वोट मांगने

बहू अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करेंगी, स्टूल पर नहीं बैठेंगी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ/ प्रयागराज।
समाजवादी पार्टी की पूर्व सांसद डिंपल यादव ने शुक्रवार को सिराथू, मंझनपुर और कौशाम्बी में कार्यकर्ता सम्मेलनों में संबोधित किया। सिराथू में समाजवादी पार्टी प्रत्याशी डॉ. पल्लवी पटेल के समर्थन में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार तीन बहुएं आपके बीच आई हैं। सिराथू की बहू पल्लवी पटेल। इलाहाबाद की बहू जया बच्चन और उत्तर प्रदेश की बहू मैं डिंपल यादव। सिराथू की जनता ने अपने बेटे को तो देख लिया उन्होंने धोखा दे दिया। 2022 के विधानसभा चुनाव में हवाएं बदल गयी हैं। मौसम बदल गया है। डॉ. पल्लवी पटेल जनता के दु:ख-दर्द को दूर करने के लिए हमेशा खड़ी रहेंगी लेकिन कभी अपने स्वाभिमान से समझौता नही करेंगी। स्टूल पर नही बैठेंगी।

डिम्पल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री और यहां के मंत्री ने खुद के मुकदमें हटा लिए। आम जनता, नौजवान, माताएं-बहनें भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त हैं। भाजपा सरकार ने महिलाओं के साथ अन्याय और अपमान किया है। हाथरस और उन्नाव की बेटी के साथ हुई जघन्य घटना को यूपी की जनता अभी तक भूली नहीं है। मौजूदा डबल इंजन की सरकार के इंजन में जंग लग गया है। इसे हटाने के लिए जनता तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को खेतों का चौकीदार बना दिया। महंगाई बढ़ा दी और आमदनी घटा दी। समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी में कोई अंतर नही है। समाजवादी पार्टी के वचन पत्र में सभी वर्गों के हित की बात की गयी है। समाजवादी सरकार सबके लिए कार्य करती है। समाजवादी सरकार बनने पर हर महिला को 3 घरेलू गैस सिलेंडर फ्री दिए जाएंगे जबकि भाजपा ने सिलेण्डर के दाम आसमान पर पहुंचा दिया है।
बाक्स

मुंह दिखाई में अपनी बहू को वोट दीजिये: जया बच्चन

अथाह संवाददाता
कौशांबी।
समाजवादी पार्टी की राज्यसभा सांसद जया बच्चन ने सिराथू, मंझनपुर और चायल, कौशाम्बी में जनता को सम्बोधित करते हुए कहा कि मैं अपने आपको यूपी की बड़ी बहू मानती हूं, डिम्पल छोटी बहू हैं। अमिताभ यहां से चुनाव लड़े थे तब मैंने जनता से कहा था कि मुंह दिखाई में अपनी बहू को वोट दीजिए। आज एक बार फिर अपनी बहू की लाज रख लीजिए, अपने भैया की भी लाज रख लीजिए और पल्लवी पटेल जी को वोट दीजिए। यूपी में साइकिल वाले आ रहे हैं और बीजेपी वाले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा यूपी की सत्ता में जो लोग बैठे हैं वो कहते हैं कि सपा सरकार ने बेटियों की सुरक्षा के लिये कुछ नहीं किया। मैं राज्यसभा में 15 साल से हूूं भाजपा के लोग जब विपक्ष में थे तब भी महिलाओं के लिये आवाज नहीं उठाई और जब सरकार में है तब भी कुछ नहीं किया। बेटियां अपनी सुरक्षा खुद कर लेती हैं और जब भी जरूरत पड़ती है समाजवादी पार्टी आवाज उठाती है। ये भाजपा के लोग सिर्फ मगरमच्छ के आंसू बहाते हैं।

बीजेपी सिर्फ झूठ बोलती है। भाजपा के लोग पांच साल सिर्फ श्री अखिलेश यादव के विकास कार्यों को देखते रहे और फीता काटते रहे हैं। जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर यूपी के लाल श्री अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगी।

पिछले पांच साल में जो इस प्रदेश में अन्याय और अत्याचार देखा है इसे हम आगे नहीं बढ़ने देंगे। समाजवादी सरकार में सबका सम्मान सुरक्षित रहेगा। जनता बदलाव के लिये समाजवादी पार्टी की सरकार चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *