Dainik Athah

अखिलेश से मिले गुजरात के आधा दर्जन लोग ,‘गुजरात मॉडल‘ को बताया ‘झूठ का मॉडल‘

अथाह संवाददाता
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से गुजरात से आए आधा दर्जन से अधिक प्रमुख लोगों ने भेंट कर बताया कि प्रधानमंत्री जिस ‘गुजरात मॉडल‘ की चर्चा करते रहते हैं वह और कुछ नहीं ‘झूठ का मॉडल‘ है। विकास की सभी बातें झूठी हैं। गुजरात में विकास के नाम पर सिर्फ नफरत फैलाई गई है। गुजरात में समाज का बंटवारा करना भाजपा का प्रिय शगल है। वहां की जनता भय और आतंक के माहौल में जी रही है। रोटी-रोजगार के हालात खराब हैं।

अखिलेश यादव से मुलाकात करने वालों में प्रमुख थे गुजरात में द्वारका के जिलाध्यक्ष हमार भाई यादव, तालुका अध्यक्ष जमिखंमालीचा, हेमंत यादव, माछीमार समाज प्रमुख अबू भाई, महामंत्री द्वारिका विनोद यादव। गुजरात से आए प्रमुख लोगों ने बताया कि गुजरात में भाजपा विधायक और आरएसएस प्रचारक उत्तर प्रदेश के चुनावों में आकर कथित गुजरात मॉडल को लेकर भ्रांतियां फैला रहे हैं। वे जनता को बरगलाने के लिए प्रयास कर रहे है। गुजरात में भाजपा राज में कोई व्यक्ति खुश नहीं है।

उनका कहना था कि भाजपा ने गुजरात को बदनाम करने का काम किया है। भाजपा में सड़क, बिजली, पानी सभी की दिक्कत हैं। भ्रष्टाचार चरम पर है। उद्योग धंधे चौपट है। उन्होंने कहा कि गुजरात में श्री अखिलेश यादव की लोकप्रियता कम नहीं है। लोगों को उनकी नेतृत्व क्षमता पर भरोसा है। गुजरात उनके स्वागत के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *