Dainik Athah

रूस और यूक्रेन के बीच हालात और ज्यादा खराब

यूक्रेन के दो प्रांतों को रूस ने दी अलग देश की मान्यता

20 हजार भारतीयों को वापस लाने में जुटी मोदी सरकार

अथाह ब्यूरो

नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन विवाद को लेकर हालात लगातार खराब हो रहे है। रूस ने यूक्रेन पर फिलहाल हमला तो नहीं किया है, लेकिन उसके दो प्रांतों लुहांस्क-डोनेट्स्क को अलग देश का दर्जा देने का ऐलान कर दिया है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने इन दोनों राज्यों में अमन कायम रखने के लिए फौज भी भेज दी है। अमेरिका भी रूस से दो-दो हाथ करने की तैयारी कर रहा है। अमेरिका ने रूस की इस हरकत को इंटरनेशनल लॉ के खिलाफ चैलेंज बताया। अमेरिका ने कहा- अब जंग का खतरा पैदा हो गया है। बिगड़ते हालातों से दूसरी ओर इन हालातों को देखते हुए भारत ने यूक्रेन से भारतीयों वापस लाने का अभियान तेज कर दिया है। आज रात को 200 भारतीयों का पहला विमान भारत पहुंचेगा।

यूक्रेन विवाद पर ब्रिटेन भी अमेरिका की तरह ही सख्त नजर आया। उसने कहा कि पुतिन को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। हम उनकी कंपनियों और व्यक्तियों पर पाबंदियां लगाएंगे। इस बयान के चंद मिनट बाद ब्रिटेन ने रूस के पांच बैंकों पर पाबंदिया लगा दीं। इस बारे में ज्यादा जानकारी अभी सामने नहीं आई है। वहीं, पुतिन ने कहा है कि पश्चिमी देशों की हरकतों ने उन्हें यूक्रेन को दो हिस्सों में बांटने पर मजबूर कर दिया है।

रूस के भड़काऊ फैसले पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने कहा कि हम रूस के कदम से डरते नहीं हैं। हमने किसी से न तो कुछ लिया है और न ही किसी को कुछ देंगे। खतरों के बावजूद हमारी अंतरराष्ट्रीय सीमाएं वैसे ही रहेंगीं, जैसे पहले थीं। यूक्रेन के दो प्रांतों को स्वतंत्र घोषित करने वाले पुतिन के कदम के बाद यूएन सिक्योरिटी काउंसिल ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई।

यूरोपीय संघ लगाएगा रूस पर प्रतिबंध- जोसेप बोरेल

यूरोपीय संघ के विदेश नीति के प्रमुख जोसेप बोरेल ने यूक्रेन संकट पर बयान दिया। उन्होंने कहा यूरोपीय संघ के विदेश मंत्री यूक्रेन के अलगाववादी क्षेत्रों की मान्यता और यूक्रेन क्षेत्र पर सैनिकों की और तैनाती पर रूस के खिलाफ आज प्रतिबंधों को लगाएगा।

शांति चाहता है भारत- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

यूक्रेन के हालात पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रतिक्रिया आई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा भारत यूक्रेन के मामले पर यही चाहता है कि बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाए। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा है कि वे रूस के राष्ट्रपति के साथ बात करेंगे। अगर इन दोनों की बातचीत होगी तो निश्चित तौर पर समाधान निकलेगा। जहां तक भारत की बात है भारत शांति चाहता है।

देर रात 200 भारतीयों को लेकर लौटेगा विमान

एयर इंडिया ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि यूक्रेन से भारत के लिए कुल तीन उड़ानें यूक्रेन में युद्ध की स्थिति के दौरान छात्रों सहित भारतीय नागरिकों के लिए संचालित होंगी। एयर इंडिया ने कहा भारत और यूक्रेन के बीच 22, 24 और 26 फरवरी को एयर एंडिया तीन उड़ानें संचालित कर रही है। एयर इंडिया का एआई 1947 विमान आज सुबह 7.40 बजे दिल्ली से कीव बारिस्पिल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ है। इसकी क्षमता 200 से अधिक सीटों की है। एक अधिकारी ने बताया एक ड्रीमलाइनर बोइंग बी-787 ने सुबह यूक्रेन के लिए दिल्ली हवाई अड्डे से उड़ान भरी है। यूक्रेन से विशेष विमान मंगलवार देर रात दिल्ली वापस लौटेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *