Dainik Athah

राग दरबारी

… लोनी में भैया को त्यागी मतों के निहितार्थ

लोनी विधानसभा क्षेत्र को लेकर चर्चा है कि यहां पर त्यागी मतदाता अधिकांश रालोद के खाते में गये हैं। हालांकि इसको लेकर संगठन से जुड़े लोग तो भरोसा नहीं कर पा रहे हैं। लेकिन भाजपा से जुड़े एक नेता ने यह बात दरबारी लाल के कान में फूंक दी। इसको लेकर क्षेत्र में भी चर्चा है, वह भी ठीक ठाक। इसको लेकर दरबारी लाल ने भाजपाइयों के साथ ही अन्य लोगों के बीच कान लगाये तो बात सही नजर आ रही है। अब त्यागी वोटों का बड़ा हिस्सा भैया जी को मिलने के निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। इसका अर्थ अधिकांश के समझ में आ रहा है।

…जब मैडम पार्षद की वजह से हस्बैंड को सुननी पड़ी खरी-खोटी

गाजियाबाद नगर निगम की एक महिला पार्षद से शहर मंडल के पदाधिकारी तिलमिलाए हुए हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह मैडम पार्षद द्वारा मंडल पदाधिकारियों की अपने उच्च नेताओं से लगातार की जा रही शिकायतें हैं। अगर कोई कर्मठ कार्यकर्ता शिकायत करे तो समझ में आता है लेकिन केवल दिखावे की राजनीति करने वाली मैडम बेवजह शिकायतें करके पदाधिकारियों को परेशान करती है। इससे पदाधिकारी खासी नाराज हैं और अपनी इस नाराजगी को मतदान के दिन एक पदाधिकारी मैडम को तो नहीं दिखा पाया, लेकिन मैडम के पति को जरूर अपनी नाराजगी दिखा दी। उन्होंने हस्बैंड महोदय को खूब खरी-खोटी सुनाई और हिदायत दी कि मैडम को काबू में रखें। जब दरबारी लाल के सामने यह मसला आया तो देश की सबसे बड़ी पार्टी की कार्यकर्ताओं ने दरबारी लाल को बताया कि पदाधिकारी अपना दिल का गुबार निकाल लिया है, लेकिन हकीकत यह है कि हस्बैंड महोदय की इतनी हिम्मत नहीं कि वह मैडम से तू भी कह दें।

…दरबारी लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *