Dainik Athah

यूपी में भाजपा के लिए नहीं होगा कोई चमत्कार: अखिलेश यादव

गुजरात में गांधी के हत्यारों का सम्मान करने वालों को जनता सबक सिखायेगी: अखिलेश

भाईचारा और गंगा जमुनी तहजीब को बढ़ाने का है चुनाव: अखिलेश

अपने अपमान को भूलने वाली नहीं है किसान- जयंत चौधरी

विश्वास दिलाता हूं इस बार नहीं होगा दंगा: अखिलेश

अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के लिए कोई चमत्कार होने वाला नहीं है। अगर कोई चमत्कार होगा तो वह गुजरात में होगा, क्योंकि गुजरात में अगला चुनाव होने वाला है और गुजरात की जनता भी महात्मा गांधी के हत्यारों को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने तय कर लिया है कि सपा गठबंधन की सरकार आने वाली है और यूपी में यह चुनाव खुशहाली लेकर आएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया प्रदेश में इस बार कोई दंगा नहीं होगा।

गाजियाबाद के फार्म हाऊस में आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि अब तक किसानों को आतंकवादी व मवाली कहने वाले अब किसानों के घर जाकर वोट की भीख मांग रहे हैं। लेकिन सरकार गाजीपुर बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर पर एक साल तक आंदोलन कर रहे किसानों को यह नहीं समझा पाई कि तीन काले कानून उनके हक में किस तरह थे और अब उन्हें क्यों रद्द किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों को अपमानित करने का काम किया है और यह किसान इतनी आसानी से भूलने वाले नहीं है।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि 80 करोड़ लोगों को राशन देकर जनता यह भूलने वाली नहीं है कि कोरोना काल में किस तरह से मजदूरों को पैदल अपने घरों को जाना पड़ा और 90 मजदूरों की इस दौरान मौत हो गई। उन्होंने कहा कि केवल समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल ने ही 90 मजदूरों को 1-1 लाख रुपए देकर राहत देने का काम किया।

उन्होंने कहा कि सपा राष्ट्रीय लोक दल गठबंधन उन किसानों की की हिम्मत की दाद देना चाहता है कि उनके साहस और हिम्मत की वजह से भाजपा को झुकना पड़ा। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों को आर्थिक रूप से संपन्न करने का काम किया और उनके हितों की रक्षा की। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक है कि जयंत चौधरी को जनता अपना समर्थन दें। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विकास का रास्ता रोका है और सांप्रदायिकता को बढ़ाया है। यह चुनाव भाईचारे और गंगा जमुनी तहजीब को आगे बढ़ाने का चुनाव है।

उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार बनने पर गाजियाबाद में कारखाने बढ़ाए जाएंगे और गाजियाबाद में साइकिल फैक्ट्री लगाने के लिए विशेष पैकेज दिया जाएगा और कल कारखानों को मदद दी जाएगी। मोदी नगर, साहिबाबाद में स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने के लिए विशेष पैकेज दिए जाएंगे।

इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जिन्ना व पाकिस्तान से जनता को कोई लेना देना नहीं है, हम केवल विकास की बात करते हैं और इसी मुद्दे पर जनता के बीच जा रहे हैं।
राष्ट्रीय लोक दल अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की योगी सरकार ने किसानों मजदूरों का अपमान करने का काम किया है। लखीमपुर में किसानों को कुचल दिया गया। उस बात को भुलाया नहीं जा सकता। एक तरफ सरकार है जिसने कोई वायदे पूरे नहीं किए दूसरी तरफ आरएलडी सपा गठबंधन है जो केवल विकास और आपसी भाईचारे के लिए जनता के बीच जा रही है।

प्रेस वार्ता में सपा रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों के आपराधिक इतिहास पर पूछे गए सवाल के जवाब में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सबसे ज्यादा मुकदमे योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर है और सपा गठबंधन के प्रत्याशियों पर जो मुकदमे हैं वह राजनीतिक है। इससे साबित होता है कि कौन अपराधी है। उन्होंने आईटी सेक्टर में 22 लाख क्वालिटी और अच्छे रोजगार उपलब्ध कराने का भी वायदा किया।

हरित प्रदेश और हाई कोर्ट बेंच के मुद्दे पर चुप हो गए अखिलेश जयंत

हरित प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोक दल अध्यक्ष जयंत चौधरी ने चुप्पी साध ली। दोनों ने कहा कि यह बड़ा मुद्दा है और इस पर दोनों दल पहले बैठ कर बात करेंगे। लेकिन इससे पहले उत्तर प्रदेश में जो चीजें अव्यवस्थित हो गई हैं, उन्हें ठीक किया जाएगा। प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर पर कार्य किया जाएगा और बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराना, उनकी सरकार की प्राथमिकता होगी।

विश्वास दिलाता हूं इस बार कोई दंगा नहीं होगा: अखिलेश

अखिलेश यादव ने इस सवाल पर कि जब भी सपा की सरकार बनती है प्रदेश में दंगे होते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि जनता को विश्वास दिलाता हूं कि इस बार कोई दंगा नहीं होगा। पुलिस व कानून अपना काम करेगा।

प्रेस वार्ता में लोनी विधानसभा के राष्ट्रीय लोक दल प्रत्याशी मदन भैया, मुरादनगर से सुरेंद्र कुमार मुन्नी, मोदीनगर से सुदेश शर्मा, गाजियाबाद से सपा प्रत्याशी विशाल वर्मा, साहिबाबाद से सपा प्रत्याशी अमरपाल शर्मा धौलाना से सपा प्रत्याशी असलम चौधरी के समर्थन में अखिलेश और जयंत ने जनता से वोट की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *