Dainik Athah

जिनके राज में बिजली ही नहीं आती उनके 300 यूनिट फ्री बिजली के वादे कैसे पूरे होंगे: सीएम योगी

जातिवादी- राष्ट्रवादी सोच में फर्क देखें

वे नियमों की अनदेखी कर हज हाऊस बनाते हैं, हम कैलाश मानसरोवर भवन

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद की जमीं से सपा एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर जमकर प्रहार किये। उन्होंने कांग्रेस को भी नाम लिये बगैर आड़े हाथों लिया।

साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र के कृष्णा इंजीनियरिंग कालेज में आयोजित प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश व प्रदेश में भाजपा सरकार ने जो वादे किए थे वह पांच साल में पूरे हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका से अगर तुलना करें तो अमेरिका की आबादी 33 करोड़ है उसके बावजूद भारत से दोगुनी मौतें कोरोना से हुईं हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के नेता जब ट्विटर पर लोगों को गुमराह कर रहे थे उस समय पीएम मोदी लेब्रोट्रेरी में जाकर वैक्सीन का निर्माण करवा रहे थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा लोगों को फ्री में टेस्ट, फ्री में उपचार, फ्री में वैक्सीन, फ्री में राशन देने का दायित्व हमने उठाया और हर व्यक्ति के साथ खड़े रहे। उस समय सपा- बसपा का कोई पता ही नहीं था। इसके साथ ही कांग्रेस के भाई- बहन भी गायब थे। जो व्यक्ति संकट का साथी नहीं बन सका तो अब कैसे आप उन्हें चुनाव का साथी चुनेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा मित्र और शत्रु की पहचान करने का समय आ गया है। देश के प्रति जो सही सोच रखे उसे आगे बढ़ाना होगा। प्रदेश में पांच साल पहले भय का माहौल था और बेटियां बाहर निकलने से डरती थीं। हर दूसरे दिन दंगा होता था।

माफिया जमीनों पर कब्जा करते थे। शासन की योजनाओं का लाभ गरीबों को नहीं मिल पाता था। आज अपराधियों की हिम्मत नहीं कि किसी संभ्रांत नागरिक की जमीन पर कब्जा कर ले, अगर करेगा तो बुलडोजर चलेगा। पहले गरीबों का अन्न बांग्लादेशियों को मिलता था। आज 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है। वृद्ध, विधवाओं को 1 हजार रुपये की पेंशन दी जा रही है। सपा सबसे पहले अपना बंगला बनाती थी। भाजपा सरकार ने 43 लाख लोगों को आवास और शौचालय दिया। एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट दिया। फिल्मसिटी अब मुम्बई नहीं आपके पड़ौस गौतमबुद्धनगर में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो आज कह रहे हैं 300 यूनिट फ्री बिजली देंगे उनके समय मे बिजली आती ही नहीं थी। लोगों की आंखों में धूल झोंक रहे हैं ये फ्री बिजली का वादा करने वाले। ये युवाओं को टेबलेट का वादा कर रहे हैं। जब पुरानी पेंशन रोकी गयी तो उनके अब्बा जान सीएम थे। उस समय 4 वर्ष वो मुख्यमंत्री रहे, उंसके बाद 5 वर्ष उनके बेटे मुख्यमंत्री रहे लेकिन तबतक सरकारी कर्मचारियों के पेंशन अकॉउंट तक नहीं थे। जब भाजपा सरकार आई तो इसकी जांच की और अब न्यू पेंशन स्कीम के तहत लाभ मिल रहा है या नहीं।

मुख्यमंत्री ने नाम लिये बगैर सपा पर हमला करते हुए कहा कि सपा ने कैराना से पलायन करवाने वाले को टिकट दिया। सपा ने मुरादाबाद, अमरोहा, मेरठ में कैसे लोगों को टिकट दिया वो सभी लोग भलीभांति जानते हैं। आपको राष्ट्र विरोधियों, अपराधियों एवं राष्ट्रवादीयों में से चुनाव करना है। उन्होंने कहा भाजपा में सभी तबकों का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रवादियों को टिकट दिए हैं। जिस तरह से भाजपा को जनता का आशीर्वाद मिला, भाजपा ने राष्ट्रवाद और सुरक्षा के मॉडल पर काम किया। पिछली सरकार में कांवड़ यात्रा रोकी जाती थी, हमने यात्रा को सुरक्षा दी और फूल बरसाए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कोई माह ऐसा नहीं बीतता जब यहां के जनप्रतिनिधि विकास के लिए मेरे पास लखनऊ न आते हों। यही कारण है कि गजियाबाद मॉडल शहर बन गया है। कानून का राज हो, हिस्ट्रीशीटर थानों के संचालन न करें, दंगाइयों को सजा मिले, तुष्टिकरण की राजनीति न हो, सरकारी भर्ती में पारदर्शिता रहे, बिजली 24 घण्टे मिले, एक्सप्रेसवे रफ्तार बनते रहें, बहन बेटियां सुरक्षित रहें, कोरोना महामारी का सही प्रबंधन हो, निवेश आता रहे, रोजगार मिलता रहे। इन सब बातों के लिए भाजपा आवश्यक है। उन्होंने जिले की सभी पांचों सीटों साहिबाबाद में सुनील शर्मा, मुरादनगर में अजीत पाल त्यागी, लोनी में नंद किशोर गुर्जर, गाजियाबाद में अतुल गर्ग, मोदीनगर में डा. मंजू शिवाच को विजयी बनाने की अपील की।

इस मौके पर विधायक सुनील शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उनका आशीर्वाद लिया। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री एवं स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, महापौर आशा शर्मा, प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, महामंत्री पप्पू पहलवान, लज्जा रानी गर्ग, सच्चिानंद शर्मा समेत अन्य लोग थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *