Dainik Athah

भाजपा को राम के नाम पर केवल वोट चाहिए- अखिलेश

अथाह ब्यूरो,
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सिर्फ और सिर्फ वोट की राजनीति करती है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं समेत जनता के मुद्दों और सवालों से बचने के लिए लगातार झूठ बोल रही है। भगवान राम के नाम पर उसे सिर्फ वोट चाहिए, इसलिए दिल्ली से लखनऊ तक और लखनऊ से दिल्ली तक लगातार झूठ बोले जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव में किसान, नौजवान और व्यापारी भाजपा सरकार को हटा कर झूठ बोलने वालों का पर्दाफाश करेंगे।

अखिलेश यादव आज समाजवादी विजय रथ यात्रा के नौंवे चरण में जनपद उन्नाव पहुंचे। उन्होंने यहां जीआईसी ग्राउण्ड विधान सभा क्षेत्र उन्नाव के बाद सफीपुर, बाँगरमऊ तथा मोहान विधानसभा क्षेत्र में जनसभाओं में भी विशाल जनसमुदाय को सम्बोधित किया। उन्होंने मीडिया से वार्ता करते हुए एक और भविष्यवाणी की, सुन लीजिए समाजवादी सरकार बनने जा रही है। उन्नाव से इंकलाब होगा। सन् 2022 में बदलाव होगा।

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री को झूठा करार देते हुए कहा कि योगी और भगवाधारी झूठ नहीं बोलते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री योगी से बड़ा झूठा कोई नहीं है। इन्होंने ऑक्सीजन से कमी से हुई मौतों पर भी झूठ बोला। यह प्राणघातक सरकार है। कोरोनाकाल में जब जनता को दवाई, ऑक्सीजन और बिस्तर की जरूरत थी, तब यह सरकार नहीं दे पाई। इस सरकार ने जनता को अनाथ छोड़ दिया। कानपुर, उन्नाव से लेकर गंगा में लाशें ही लाशें दिखाई दे रही थी। इस सरकार में कोरोना काल में मृतकों का अंतिम संस्कार भी नहीं हो पाया।

यादव ने कहा कि कानपुर मेट्रो का शिलान्यास समाजवादी सरकार में हुआ था। सपा सरकार के शिलान्यास के समय केंद्र के तत्कालीन शहरी विकास मंत्री भी शामिल हुए थे। हमारे साथ शिलान्यास के समय भाजपा के भी जो लोग उस समय मंच पर मौजूद थे। आज मंच पर नहीं दिखाई देंगे। अखिलेश यादव ने कानपुर की जनता को मेट्रो के लिए बधाई देते हुए कहा कि  सपा सरकार बनेगी तो मेट्रो कानपुर से गंगा पार कर उन्नाव तक लाएंगे।

 उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर किसानों की मदद करेंगे। इलाज सस्ता करेंगे। नौजवानों के लिए नौकरी और रोजगार का इंतजाम करेंगे। सांड के हमले से जिन लोगों की मौत हुई है, उनको 5 लाख रूपया देंगे। साइकिल दुर्घटनाओं में मरे हुए लोगों को भी 5 लाख की आर्थिक मदद देंगे।
 

आज उन्नाव शहर के जीआईसी ग्राउण्ड में समाजवादी पार्टी के झंडे बैनर और पोस्टरों से पटा रहा। हर तरफ लहराते सपा के झंडे और अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे। सपा की समाजवादी विजय रथ यात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने साधनों से आए। सर्दी और बारिश के बाद भी सपाइयों में भारी जोश और उत्साह दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *