Dainik Athah

जन विश्वास यात्रा के जरिये पश्चिमी उत्तर प्रदेश को साधेगी भाजपा

19 दिसंबर से एक जनवरी तक पउप्र के सभी जिलों में जायेगी यात्रा

गाजियाबाद जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 25 को आयेगी जन विश्वास यात्रा

यात्रा में भाजपा के बड़े नेता रहेंगे शामिल, जिले में तीन सभाएं, एक बाइक रैली, एक रोड शो का कार्यक्रम

अशोक ओझा
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी जन विश्वास यात्रा के माध्यम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश को साधने का काम करेगी। ऐसी ही पांच अन्य यात्राएं प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में निकाली जायेगी। सभी यात्राओं का समापन लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा से होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की यात्रा 19 दिसंबर को बिजनौर से शुरू होकर एक जनवरी को रामपुर इसका समापन होगा। गाजियाबाद जिले में यात्रा 25 दिसंबर को रहेगी। इस दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म दिन भी है।

भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में यात्राएं निकालेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की यात्रा बिजनौर से शुरू होकर रामपुर में समाप्त होगी। यात्रा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष केके शुक्ला ने बताया कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कार्यक्रम तय कर दिया गया है। यात्रा में पार्टी के बड़े नेता भी विभिन्न स्थानों पर जन सभाओं को संबोधित करेंगे। यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 71 विधानसभा क्षेत्रों एवं 14 लोकसभा क्षेत्रों में जायेगी।

गाजियाबाद जिले में यात्रा 25 दिसंबर को मेरठ से मोदीनगर में प्रवेश करेगी। मोदीनगर में बाइक रैली का कार्यक्रम है। बाइक सवार रैली के आगे आगे चलेंगे। इसके बाद यात्रा मुरादनगर विधानसभा पहुंचेगी जहां पर जनसभा होगी एवं स्वागत होंगे। यहां से यात्रा ईस्टर्न पेरिफेरल होकर लोनी विधानसभा पहुंचेगी। लोनी में भी जनसभा का कार्यक्रम है। लोनी से यात्रा साहिबाबाद विधानसभा होते हुए गाजियाबाद शहर विधानसभा पहुंचेगी। साहिबाबाद में जनसभा एवं गाजियाबाद शहर विधानसभा में रोड शो का कार्यक्रम रखा गया है। गाजियाबाद जिले के बाद यात्रा गौतमबुद्धनगर एवं नोएडा जायेगी।

किस दिन किस जिले में जायेगी जन विश्वास यात्रा

19 दिसंबर बिजनौर, 20 दिसंबर को मुजफ्फरनगर, 21 दिसंबर सहारनपुर, 22 दिसंबर शामली, 23 दिसंबर बागपत, 24 दिसंबर मेरठ, 25 दिसंबर गाजियाबाद, 26 दिसंबर नोएडा/ गौतमबुद्धनगर, 27 दिसंबर बुलंदशहर, 28 दिसंबर हापुड़, 29 दिसंबर अमरोहा, 30 दिसंबर मुरादाबाद, 31 दिसंबर संभल एवं एक जनवरी को रामपुर। रामपुर में यात्रा का समापन होगा।

यात्रा का मोदीनगर एवं लोनी में जोरदार स्वागत किया जायेगा। यात्रा के स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी गई है।
दिनेश सिंघल, जिलाध्यक्ष भाजपा गाजियाबाद

जैसा कार्यक्रम प्राप्त हुआ है गाजियाबाद महानगर की तीनों विधानसभाओं मुरादनगर, साहिबाबाद एवं गाजियाबाद में ऐतिहासिक स्वागत किया जायेगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है।
संजीव शर्मा महानगर अध्यक्ष भाजपा गाजियाबाद

जन विश्वास यात्रा का पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। यात्रा हर विधानसभा क्षेत्र में जायेगी जहां पर स्वागत, जनसभा एवं बाइक रैली का आयोजन होगा। सभी जिला व महानगर अध्यक्षों से कहा गया है कि वे तैयारियां शुरू कर दें। यात्रा में केंद्र व प्रदेश के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री भी उपस्थित रहेंगे।
केके शुक्ला, जन विश्वास यात्रा क्षेत्रीय प्रभारी एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *