Dainik Athah

देवरिया-कुशीनगर में खोलेंगे नई चीनी मिल : मुख्यमंत्री

21 चीनी मिलों को बेचकर किसानों-नौजवानों के पेट पर लात मारा था सपा, बसपा की सरकार ने : सीएम योगी

देवरिया में मुख्यमंत्री ने दी 200.92 करोड़ रुपये की सौगात

412 विकास परियोजनाओं की का किया शिलान्यास व लोकार्पण

अथाह संवाददाता,
देवरिया।
कभी चीनी का कटोरा कहे जाने वाले देवरिया-कुशीनगर के बेल्ट के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार देवरिया-कुशीनगर में नई चीनी मिल की स्थापना करेगी। इसके लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं और देवरिया व कुशीनगर के जिला प्रशासन को जमीन तलाश करने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा-बसपा की सरकारें चीनी मिलें बेचतीं थीं जबकि भाजपा सरकार पुनर्निर्माण करा रही है।

सीएम योगी रविवार को देवरिया जिले में भाटपाररानी के बहियारी बघेल स्थित रघुराज सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने देवरिया के लोगों को 200.92 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 412 विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण कर देवरिया की प्रगति की रफ्तार को और तेज किया। लोकार्पण व शिलान्यास समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने विकास के मुद्दे पर पूर्व की सरकारों को कटघरे में खड़ा किया।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी की सरकारों में प्रदेश की 21 चीनी मिलें बेचकर किसानों व नौजवानों के पेट पर लात मारा गया। आज कल्याण की बात करने वालों को जब शासन का मौका मिला था तब वे दंगा व लूट खसोट करवा रहे थे।

विकास व गरीबों के बारे में सोचने की फुर्सत ही नहीं थी पूर्व की सरकारों को

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गरीबों के कल्याण की योजनाएं पहले भी चलाई जा सकती थीं, विकास के ये कार्य पहले भी हो सकते थे। पट, पूर्व की सरकारों को इसके बारे में सोचने की फुर्सत ही कहां थी। तब सूबे के मुखिया जो अपना ही घर भरने से ही फुर्सत नहीं मिलती थी। उन्होंने कहा कि देवरिया व कुशीनगर 2017 के पहले बदनाम होता था कि यहां गरीबों का राशन माफिया खा जाते थे। आज भाजपा सरकार में पारदर्शी तरीके से सबको मुफ्त और पर्याप्त राशन मिल रहा है।

होली तक मुफ्त राशन के साथ दाल, तेल, चीनी व नमक भी

सीएम ने बताया कि कोरोना काल मे जारी मुफ्त राशन की सुविधा को होली (मार्च 2002) तक विस्तारित कर दिया गया है। इसके तहत अंत्योदय कार्डधारकों को राशन के साथ ही एक किलो दाल, एक किलो खाद्य तेल, एक किलो चीनी व एक किलो नमक भी मुफ्त दिया जाएगा। इसी तरह पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को तयशुदा मात्रा में मुफ्त राशन के साथ एक किलो दाल, एक किलो खाद्य तेल व एक किलो नमक फ्री मिलेगा।

70 साल में महज 12 और पांच साल में 33 मेडिकल कॉलेज

सीएम योगी ने बताया कि आजादी के बाद 1947 से 2017 तक यानी 70 वर्षों में यूपी में महज 12 मेडिकल कॉलेज खोले गए जबकि पांच वर्ष के भाजपा शासन में 33 नए मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया गया कि बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में सुपर सलेशलिटी ब्लॉक शुरू हो गया है जबकि एम्स का लोकार्पण अगले माह पीएम मोदी के हाथों होगा।

महाभारत के रिश्तों में उलझी हुई थीं पहले की सरकारें

मुख्यमंत्री भाटपाररानी की जनसभा में विपक्षी दलों पर लगातार हमलावर रहे। उन्होंने पूर्व की सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि पहले की सरकारों में महाभारत के सभी रिश्ते थे। चाचा, भतीजा थे तो बुआ भी थीं। वे इन रिश्तों के उलझन में जनता के हकों पर डकैती डालने में लगे रहते थे।

जनता की सेवा के समय होम आइसोलेशन में रहे विपक्ष के नेता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना में पूरे विश्व मे उत्तर प्रदेश को कोरोना प्रबंधन बेमिसाल और सराहनीय रहा। कोरोना संकट में विपक्ष के नेता होम आइसोलेशन में आराम कर रहे थे जबकि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार, उसके जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जनता की सेवा में लगे हुए थे। उन्होंने कहा कि कोरोना गैर भाजपा शासन काल में आता तो बाप-बेटे, बुआ-बबुआ, भाई-बहन, चाचा-भतीजा का कहीं पता नहीं होता। मुख्यमंत्री ने बताया कि यूपी में अब तक 15.84 करोड़ लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई जा चुकी है, कल यह संख्या 16 करोड़ हो जाएगी और इतनी तो दुनिया के कई देशों की आबादी भी नहीं है। सीएम ने कहा कि सभी लोग वैक्सीन लगवाएं, किसी के बहकावे में न आएं। यह मानवता को बचाने की कवायद है। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए तंज भी कसा, ” अब्बाजान से सीखे होते की वैक्सीन का प्रभाव क्या होता है।

दंगाइयों के साथ खड़ी होती थी सपा सरकार

सीएम योगी ने कहा कि देवरिया के लार में पहले दुर्गा पूजा पर दंगे होते थे। पर्व व त्योहारों पर भाटपाररानी और भटनी में तनाव रहता था, मकान जला दिए जाते थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में देवरिया में तीन बड़े दंगे हुए। एक मे दंगाई थाने से असलहे लेकर चले गए। पर, सरकार तब पीड़ितों के साथ नहीं बल्कि दंगाइयों के साथ खड़ी होती थी। सीएम ने यह भी बताया कि उनके साढ़े चार साल के कार्यकाल में प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ है।
भस्मासुरों को पालने वाले खुद अपने विनाश के जिम्मेदार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अनैतिक व अवैध तरीके से कमाई गई अकूत सम्पदा पर सरकार का बुल्डोजर चल रहा है। कुछ दलों को यह बुरा लग रहा है। सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समझ नहीं आता कि माफिया या माफिया हितैषी को जनता समर्थन क्यों करती है। उन्होंने माफिया को भस्मासुर और उन्हें प्रश्रय देने वालों को महाभस्मासुर करार देते हुए कहा कि इन्हें पालने वाले अपने विनाश के खुद जिम्मेदार होते हैं। सीएम ने कहा कि जनता रंग बदलने वाले गिरगिटों के बहकावे में आए।

2017 की चूक को ब्याज सहित मांगने आया हूं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2022 के चुनाव के लिए जनता से भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र में कमल का फूल खिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 2012 में भी जनता के गलत निर्णय से यहां के लोगों को 2012 से 2017 तक बिजली के लिए तरसना पड़ता था। अब भाजपा शासन में बिना भेदभाव निर्बाध बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि 2017 में हुई चूक को वह ब्याज समेत मांगने आए हैं। 2022 में यहां कमल का फूल खिलाने के संकल्प पूरा होगा तो विकास आपके चरण चूमता हुआ दिखाई देगा। मुख्यमंत्री ने आज लोकार्पण व शिलान्यास वाली परियोजनाओं में कई का जिक्र करने के साथ ही अमर सेनानी रामचन्द्र विद्यार्थी को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में ब्रिटिश सरकार को चुनौती देकर अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले रामचन्द्र विद्यार्थी का स्मारक बनने जा रहा है। यह उनके प्रति विनम्र और सच्ची श्रद्धांजलि है। इसके साथ ही आजादी के अमृत महोत्सव से अगले 25 साल दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनने का संकल्प काल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *