Dainik Athah

कुमार विश्वास ने किया ‘राजनीति के उस पार पुस्तक’ का विमोचन

सपा महासचिव राम गोपाल यादव का अमृत महोत्सव

समय बता रहा है समाजवादी सरकार है: अखिलेश

अखिलेश प्रदेश और देश आपका इंतजार कर रहा है: कुमार विश्वास

अथाह ब्यूरो,
लखनऊ।
वरिष्ठ समाजवादी नेता और सांसद प्रो. रामगोपाल यादव के अमृत महोत्सव पर प्रकाशित ‘राजनीति के उस पार’ पुस्तक का विमोचन सुप्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास ने किया। इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमतीनगर, लखनऊ में प्रो. रामगोपाल यादव अमृत महोत्सव समिति द्वारा आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह ने कहा कि आज जो चुनौतियां पेश है उनमें ऐक्य भावना की बहुत जरूरत है। उसी से विकास होता है। उत्तर प्रदेश का बहुत महत्व है। राजनीति में उसकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने बातों ही बातों में कुमार विश्वास से सपा में शामिल होने को भी कहा। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि राजनीति के उस पार भी राजनीति है और इस पार समय बता रहा है समाजवादी सरकार है।

उन्होंने कहा कि रामगोपाल भावुक है। उनमें संवेदना है। समाजवादी लोग भावुक और गरीबों की मदद करने वाले होते है। बाहर से कड़क दिखने वाले चाचा (प्रो. रामगोपाल) लोगों की मदद करने वाले है। यह पुस्तक समाजवादियों और आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी।

पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र के संचालन में सम्पन्न कार्यक्रम में वरिष्ठ कवि एवं पूर्व सांसद उदय प्रताप ने पुस्तक को पठनीय बताया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद अहमद हसन, नेता विरोधी दल विधान सभा राम गोविन्द चौधरी, बिहार के राज्य सभा सांसद मनोज झा और वरिष्ठ पत्रकार हेमंत शर्मा ने प्रो. रामगोपाल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चचार्एं की। पुस्तक के संपादक प्रो. देवी प्रसाद द्विवेदी ने उन्हें साधक, महापुरुष तथा तपस्वी बताया।

कवि कुमार विश्वास ने अपने वक्तव्य और गीतों से खूब सूरत समां बांधा। उन्होंने समाजवादी परिवार के हिन्दी के प्रति विशेष लगाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस देश की तासीर है कि यहां नफरत का बीज नहीं रह पाता है। इस समय देश में संवाद नहीं हो रहा है। सत्ता के लोगों को सुनाने की जगह सुनने की आदत डालनी चाहिए। यदि किसान की बात पहले सुन लिया होता तो आज सुनने की मजबूरी नहीं होती। उन्होंने कहा संघर्ष से राजपथ पहुंचना है। संघर्ष से ही सृजन होता है। अखिलेश के लिए कहा कि आप संघर्ष करते रहिए प्रदेश और देश आपका इंतजार कर रहा है। उन्होंने अपना समसामयिक स्थितियों पर एक गीत भी सुनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *