Dainik Athah

संघ- भाजपा कार्यकर्ताओं की एक दिवसीय कार्यशाला में आरएसएस ने पढ़ाया पाठ: बूथ लेवल कार्य को लेकर जताई नाराजगी

जो काम किया है उसके संबंध में बतायें, जो काम नहीं हुए वे भी होंगे

राम मंदिर निर्माण के संबंध में भी दी जाये जानकारी


अशोक ओझा
मेरठ।
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के लिए राष्टÑीय स्वयं सेवक संघ ने भी स्वयं सेवकों को कमर कसकर तैयार रहने के संकेत दे दिये हैं। इस मौके पर कहा गया कि बूथ एवं पन्ना स्तर तक जाकर जनता को यह बताने का काम करें कि पिछले पांच वर्षों में क्या क्या काम हुए हैं। इसमें प्रमुखता से राम मंदिर निर्माण के संबंध में भी बताया जाये। इतना ही नहीं बूथों की स्थिति को लेकर भी उन्होनें स्पष्ट कर दिया कि बूथ लेबल एवं प्रचार के बिंदु पर काम नहीं हो रहा है।

रविवार को मेरठ में संघ की तरफ से संघ के क्षेत्र से लेकर जिला कार्यकारिणी तक के एवं भाजपा की क्षेत्रीय टीम के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्षों एवं जिला महामंत्रियों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान मुख्य रूप से दिल्ली में जम्मू कश्मीर अनुसंधान केंद्र के निदेशक आशुतोष कुमार, अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख आलोक कुमार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रचार प्रमुख कृपा शंकर, क्षेत्रीय प्रचारक महेंद्र, भाजपा के प्रदेश सह संगठन महामंत्री कर्मवीर, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल मौजूद रहे।

बैेठक में राष्ट्रीय सह प्रचार प्रमुख आलोक कुमार ने मुख्य रूप से भाजपा के पदाधिकारियों को निशाने पर लेते हुए कहा बूथ स्तर पर काम संतोषजनक नहीं है। जबकि यह सबसे मजबूत पक्ष होना चाहिये। जब बूथ ही मजबूत नहीं है तो स्पष्ट है कि अन्य काम कैसे हो रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट रूप से कहा कि प्रचार एवं मीडिया तंत्र भी अधिकांश स्थानों पर सुस्त है। इतनी विशाल टीम होते हुए भी जिस प्रकार का काम हो रहा है वे चिंताजनक है। उन्होंने एक प्रकार से ढ़िलाई बरतने वालों को चेतावनी भी दे दी। इसके साथ ही कहा कि संघ कार्यकर्ता भी बूथ स्तर तक जाकर काम करें। लेकिन भाजपा के पीछे रहकर, आगे चलकर नहीं। यह संदेश कहीं भी न जाये कि संघ ने ही पूरा चुनाव अपने हाथ में लिया हुआ है।

आलोक कुमार ने यह भी कहा कि चुनाव में अब तक किये गये कामों को लेकर जाना है। इस दौरान कुछ लोग यह भी कह सकते हैं कि इस मामले में काम नहीं हुआ। लेकिन उन्हें समझाया जाये कि अगले पांच वर्षों में जो काम नहीं हुए वे होंगे। इसके साथ ही राम मंदिर निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से जनता के सामने रखना है। संघ स्वयं सेवक भी बूथ स्तर तक जाकर जनता को राम मंदिर एवं साथ ही कानून व्यवस्था, महिला अपराधों पर लगाम लगाने समेत, हाइवे निर्माण, रेपिड रेल आदि मुद्दों से लोगों को अवगत कराया जाये। सीधा संदेश कि नये लोगों को भी जोड़ना है।

इस मौके पर क्षेत्रीय प्रचारक महेंद्र कुमार ने कहा कि यदि किसी मुद्दे पर कोई विवाद है तो आपस में मिलबैठकर निपटाया जाये। साथ ही चुनाव कार्य में अभी से लगने के संकेत भी दिये गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *