Dainik Athah

2022 चुनाव के लिए मतदाता तैयार- जनता के साथ धोखा हुआ और उसके सपनों को तोड़ा गया: राजेंद्र चौधरी

अथाह संवाददाता
ऋषिकेश।
समाजवादी पार्टी उत्तराखंड प्रभारी और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने पीडब्लूडी गेस्टहाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि 2022 चुनाव के लिए मतदाता तैयार हैं। जनता के साथ धोखा हुआ और उनके सपनों को तोड़ा गया है। जनाकांक्षाओं की उपेक्षा की गयी है। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र पर हो रहे हमलों के खिलाफ है। नागरिक अधिकारों की रक्षा समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता में शामिल है। बीजेपी ने संविधान की अवहेलना किया है। डबल इंजन की सरकार बोलकर भाजपा ने राजनैतिक अपराध किया है। यह संघीय ढांचे का अपमान है। भाजपा की नीतियां जनविरोधी है।

उन्होंने कहा केंद्र और उत्तराखंड में सरकार होने के बाद भी उत्तराखंड की समस्याएं जस की तस है। पलायन और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार फेल है। व्यापारियों और गरीबों के साथ भाजपा षड्यंत्र कर रही है। समाजवादी पार्टी जनता के समर्थन से इसका जवाब देगी। देव भूमि का सम्मान, उत्तराखंड में खुशहाली और समृद्धि के साथ रोजगार एवं पर्यटन की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य करना ही समाजवादी पार्टी का एजेंडा है।

राजेंद्र चौधरी ने कहा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर सपा उम्मीदवार लड़ाएगी। 2022 के चुनाव में उत्तर प्रदेश में जहां समाजवादी पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार बनने जा रही है वहीं उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी एक मजबूत विकल्प बनेगी। उत्तर प्रदेश में 2012-17 की समाजवादी सरकार में पूरे प्रदेश में बुनियादी ढांचा सशक्त हुआ था।

एक्सप्रेस-वे, स्वास्थ्य सुविधाएं, सामाजिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था की बेहतरी के लिए मुख्यमंत्री के रूप में श्री अखिलेश यादव ने अनेक महत्त्वपूर्ण कार्य किये थे। उन्होंने कहा बीजेपी सरकार ने जनहित की दिशा में कोई नया कार्य नहीं किया सिर्फ समाजवादी सरकार के कार्यों का नाम बदला। किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। अन्नदाता के उपज का उचित मूल्य भी नहीं मिल रहा। भाजपा सरकारी खजाने को लूटने में व्यस्त है। बीजेपी के अलोकतांत्रिक और अधिनायकशाही नीतियों को समाजवादी पार्टी ही कमजोर कर सकती है। भाजपा लोकतंत्र की पवित्रता को नष्ट कर रही है। 2022 का चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। जनता भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *