Dainik Athah

बाल्मीकि वैदिक काल के महान ऋषियों में थे: अखिलेश यादव

सपा कार्यालय में सादगी से मनाई गई महर्षि बाल्मीकि जयंती

अथाह ब्यूरो,
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के मुख्यालय, लखनऊ के डा. लोहिया सभागार तथा लालबाग, लखनऊ स्थित महर्षि बाल्मीकि की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण तथा नमन कर सादगी के साथ बाल्मीकि जयंती मनाई गई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महर्षि बाल्मीकि को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि महर्षि बाल्मीकि वैदिक काल के महान ऋषियों में थे। वे संस्कृत भाषा के आदिकवि तथा महान काव्य रामायण के रचयिता के रूप में प्रसिद्ध हैं। उन्होंने कहा बाल्मीकि समाज का राष्ट्रीय विकास में योगदान प्रशंसनीय है। हमें संकल्प लेना होगा कि इस समाज का सम्मान बढ़ाना है।

उन्हें राजनीति की मुख्यधारा में स्थान दिलाना है। समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बाल्मीकि समाज के साथ हो रहा अन्याय समाप्त होगा और उसे सभी वैधानिक अधिकार प्राप्त होंगे।
यादव ने भाजपा सरकार द्वारा बाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश को रद्द किये जाने की भी आलोचना की।

उन्होंने कहा भाजपा को जनहित में कोई काम ही नहीं करना है। अब भाजपा सरकार को भी छुट्टी पर भेजना हैं। बाल्मीकि समाज के एकत्रित सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे भाजपा को हटाकर समाजवादी पार्टी की बहुमत सरकार लाएंगे और श्री अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएंगे।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी एवं अभिषेक मिश्र, डा. राजपाल कश्यप एमएलसी तथा प्रदेश सचिव श्री जुगल किशोर बाल्मीकि, विपिन मनोठिया बाल्मीकि, प्रदीप कुमार प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता सभा तथा युवा नेता अतुल प्रधान, अनिल तिवारी, नंद किशोर बाल्मीकि, कुणाल बाल्मीकि, पुष्पा बाल्मीकि, राजू चौधरी, मनोज कुमार, विजय बाल्मीकि आदि भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *