Dainik Athah

तालिबान का समर्थन करने वालों से सख्ती से निपटेगी प्रदेश सरकार- योगी

– धौलाना में दंगाइयों पर भड़के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

– हापुड़-पिलखुआ विधानसभा को 342 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद/धौलाना। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे होते थे। मुजफ्फरनगर का दंगा कोई नहीं भूला है। उस समय घरों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा होती थी, लेकिन अब प्रदेश में कानून का राज है। उन्होंने दंगाईयों को चेताते हुए कहा कि अगर कहीं भी किसी भी संपत्ति का नुकसान किया गया तो भरपाई उनसे ही की जाएगी। जिसे उनकी सात पीढियां तक याद रखेंगी। तालिबान समर्थित बयान देने वालों को आडे हाथ लेते हुए कहा कि इसे कानून के दायरे में लाकर सख्त सजा दी जाएगी। पूरा विश्व तालिबान की काली करतूतों को देख रहा है।

बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हापुड की धौलाना विधानसभा अंतर्गत आने वाली हैंडलूम नगरी पिलखुवा में धौलाना मोड़ स्थित मैदान पर आयोजित जनसभा में 342 करोड की परियोजनाओं को शिलान्यास व लोकार्पण किया। साथ ही क्षेत्र के लोगों को बधाई दी। कहा कि इस बार धौलाना विधानसभा पर जरा सी भी चूक मत करना। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को बडे अंतराल से जिताकर विधानसभा भेजने की अपील की। योगी ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं थीं लेकिन, आज बिना किसी रुकावट के अयोध्या में दुनिया के सबसे भव्य राम मंदिर का निर्माण चल रहा है। जो लोग तालिबान का समर्थन कर रहे हैं। उनकी मानसिकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। क्योंकि तालिबान महिलाओं और बच्चों के लिए खतरा है। ऐसे लोगों को पहचानना होगा, उनसे सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का विकास हो रहा है। हर नागरिक को सुरक्षा की गारंटी दी जाती है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की स्थिति बहुत बेकार थी लेकिन, पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश को दंगा मुक्त बनाने का जो संकल्प लिया था, प्रदेश सरकार ने उसे पूरा किया है। आज प्रदेश में भय का वातावरण नहीं है। गंडागर्दी, दंगा और अराजकता नहीं है।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में सबसे अधिक समस्या आक्सीजन की हुई। लेकिन अब प्रदेश का हर जिला आक्सीजन को लेकर आत्मनिर्भर हो रहा है। उन्होंने मंच से ही बटन दबाकर योजनाओं का शिलान्याश व लोकार्पण किया। उन्होंने राम मंदिर निर्माण को भाजपा की देन बताया। उन्होंने लोगों से सीधे सवाल किया कि क्या कांग्रेस सपा या बहन जी की पार्टी राम मंदिर बनवा सकती थी। लोगों ने इसको नकार दिया। केवल भाजपा ही ये काम कर सकती थी और कर दिखाया। उन्होंने धौलाना के लोगों से कहा कि अगर स्थानीय स्तर पर भाजपा विधायक होता तो विकास की गति और भी अधिक तेज होती। उन्होंने कहा कि इस बार कोई चूक ना हो जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि देश सुरक्षित हाथों में है। जब तक देश मोदी जी के हाथ में कोई गलत नजर से देख तक नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में बहन बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। लेकिन आज उनकी ओर कोई देख नहीं सकता। मोदी सरकार लोगों के सम्मान कि लिए हर कदम उठा रही है। हर नौजवान को रोजगार के लिए बेहतर तरीके से कार्य कर रही है।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, केंद्रीय मंत्री वीके सिंह, विधायक डा कमल सिंह मलिक, विजयपाल आढती, पूर्व सांसद डा रमेश चंद तोमर, पूर्व प्रदेश मंत्री वाईपी सिंह, पूर्व विधायक धर्मेश तोमर, शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक उपेद्र राणा, जिला महामंत्री श्यामेंद्र त्यागी, यशपाल सिसौदिया, मोहन सिंह, पुनीत गोयल, जिला उपाध्यक्ष नरेश तोमर, मंडल अध्यक्ष डा सोनू ठाकुर, उपाध्यक्ष राहुल नंबरदार, मंडल मंत्री सुमित राणा, ज्योति तोमर आदि सहित कई हजार लोग मौजूद रहे।

जिला अध्यक्ष की थपथपाई पीठ

इस सफल आयोजन के लिए उन्होंने स्थानीय नेताओं व भाजपाईयों का आभार जताया। साथ ही जिला अध्यक्ष एडवोकेट उमेश राणा की पीठ थपथपाई। संगठन का आभार जताया। वे करीब एक घंटे यहां पर रुके। इस अवसर पर उन्होंने 37 मिनट तक लोगों को संबोधित किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष एडवोकेट उमेश राणा ने समस्त साठा चौरासी क्षेत्र में उनका स्वागत करते हुए अष्टधातु से निर्माण राष्ट्रगौरव महाराणा प्रताप की मूर्ति मुख्यमंत्री को भेंट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *