अथाह ब्यूरो
नयी दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि केन्द्र सरकार की डिप्लोमेसी फेल है। इस सरकार ने देश को कमजोर किया है। आज भारत की विदेश नीति विदेशी लोग तय कर रहे है। सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। अमेरिका के साथ व्यापारिक डील और कारोबार की बात हो रही है। सरकार समझौते पर समझौते कर रही है। पूरा बाजार दूसरे देशों को सौप दे रही है। सब कुछ विदेश से आएगा तो हमारा किसान क्या करेगा। केन्द्र सरकार बताएं कि उसने अपने किसानों के हितों और इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए क्या काम किया है?
यादव ने कहा कि विश्वगुरू बनने का दावा करने वाले अगर वाकई में विश्व गुरू होते तो युद्ध नहीं होता। प्रधानमंत्री कहते हैं कि उनके हर देश से अच्छे सम्बंध हैं और इतने बड़े देश की सरकार चला रहे हैं तो इस युद्ध के वैश्विक संकट में उन्होंने क्या भूमिका निभाई? क्या विश्व गुरु केवल खुद के लिखने और बोलने के लिए होता है। अगर विश्वगुरु हैं तो अपनी भूमिका निभाते और युद्ध टलवा देते। श्री यादव ने कहा कि अमेरिका ने भारत पर टैरिफ लगाया था। भारत को भी कहना चाहिए था, अगर युद्ध के कारण कहीं जान जाएगी तो भारत भी अमेरिका पर प्रतिबन्ध लगायेगा, व्यापार नहीं करेगा। अगर अमेरिका पर प्रतिबन्ध नहीं लगा सकते तो मान लेना चाहिए कि विश्व गुरु नहीं है।
मंगलवार को नई दिल्ली में एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि देश में आज आम आदमी रसोई गैस सिलेण्डर के लिए सबसे ज्यादा परेशान है। लिक्विड पेट्रोलियम गैस एलपीजी को अब लोग लापता गैस कहने लगे है। सुनने में आ रहा है 14 किलो का गैस सिलेण्डर अब 10 किलो का हो जाएगा। इससे पहले यूरिया की बोरी के साथ भी यही किया था।
उन्होंने कहा कि भाजपा आज कल लाल टोपी और लाल सिलेण्डर से घबराई हुई है। प्रधानमंत्री और भाजपा के नेता विपक्ष के लिए जो कह रहे हैं वैसा बर्ताव खुद क्यों नही करते है? भाजपा सरकार विपक्ष को बदनाम करती है। परेशान करती है। झूठा फंसाती है। विपक्ष के साथ अन्याय पूर्ण व्यवहार करती है। इस सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। यूपी में तो कानून व्यवस्था बर्बाद हो चुकी है।
