यूडीआईडी कार्ड से लेकर पेंशन भुगतान तक पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और दलाल-मुक्त
अथाह ब्यूरो, लखनऊ।
प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेन्द्र कश्यप ने विधानपरिषद में कहा कि योगी सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण, पारदर्शिता और समयबद्ध लाभ सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की सभी योजनाएं ऑनलाइन, पारदर्शी और दलाल-मुक्त प्रणाली के तहत संचालित की जा रही हैं, जिससे पात्र लाभार्थियों तक सीधे लाभ पहुंच रहा है।
तीन गुना बढ़ी पेंशन, सीधे खाते में भुगतान
मंत्री कश्यप ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले दिव्यांग पेंशन मात्र 300 रुपये प्रतिमाह थी, जिसे योगी सरकार ने बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया है। पात्र लाभार्थियों को एकीकृत सामाजिक पेंशन पोर्टल के माध्यम से आवेदन के बाद पीएफएमएस प्रणाली से सीधे उनके बैंक खातों में धनराशि भेजी जाती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का मूल निवासी, न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता और निर्धारित आय सीमा के भीतर आने वाला व्यक्ति पेंशन का पात्र है।
यूडीआईडी कार्ड से योजनाओं में पारदर्शिता
मंत्री ने बताया कि भारत सरकार के स्वावलंबन पोर्टल से यूडीआईडी कार्ड जारी किए जाते हैं। आकांक्षी जनपद सिद्धार्थनगर में 31 जनवरी 2026 तक 24,414 दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड दिए जा चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में यहां 14,356 पात्र लाभार्थियों को दिव्यांग पेंशन, 153 को कुष्ठावस्था पेंशन तथा 321 को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना का लाभ दिया गया है। 31 दिसंबर 2025 तक कोई भी पात्र लाभार्थी लंबित नहीं है।
भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई, घर जाकर आवेदन की सुविधा
मंत्री कश्यप ने कहा कि विभाग में दलालों और भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। यदि किसी स्तर पर शिकायत मिलती है तो निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो दिव्यांगजन कार्यालय नहीं आ सकते, उनके घर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।

