Dainik Athah

भाजपा सरकार की नीतियों से किसानों और खेती को खतरा :अखिलेश यादव

 अथाह ब्यूरो, लखनऊ
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा भेदभाव की राजनीति करती है, भाजपा न्याय दिलाने में भी भेदभाव करती है। संसद परिसर में मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसानों और खेती को खतरा है।
    उन्होंने कहा कि जब सब कुछ विदेश से आएगा तो हमारे किसान की उपज का क्या होगा? क्या हमारा किसान अपनी फसल की सही कीमत पाएगा?


    श्री यादव ने कहा कि अमेरिका के साथ डील से खेती और किसानी को नुकसान है। भाजपा हमेशा किसानों के खिलाफ रहती है। भाजपा सरकार ने पहले तीन काले कानून लाकर किसानों को परेशान किया। अब देश का पूरा बाजार विदेशियों के हाथों में सौंप दिया।
  अखिलेश यादव ने कहा कि जब सब कुछ विदेश से आएगा तो किसान क्या उगाएगा?क्या बेच पाएगा? ⁠क्या कमाएगा?, ⁠कैसे अपना घर बनाएगा-चलाएगा? कैसे बच्चों को पढ़ाएगा? कैसे घर के बुजुर्गों का इलाज करवाएगा? कैसे बेटियों को हँसी-ख़ुशी विदा कर पाएगा? कैसे अपने भविष्य के लिए दो पैसे जमा कर पाएगा? मतलब आज क्या खाएगा, कल के लिए क्या बचा पाएगा?


    अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को नुक़सान पहुँचाकर, हमारे देश में कोई भी सरकार नहीं चल सकती है। किसान और किसानी विरोधी भाजपा सरकार स्पष्ट करे कि विदेशियों के सामने अपने हितों का समर्पण करने की मजबूरी क्या है।
    भाजपा कभी भूमि अधिग्रहण लाकर खेती-किसानी को हड़पने का षड्यंत्र करती है, कभी काले-क़ानूनों से किसानों को मौत के मुँह में ढकेल देती है। भाजपाई सोच बिचौलियों वाली है, वो पैदावार-उत्पादन की जगह बीच में कमीशनख़ोरी से सिर्फ़ अपना पेट भरना जानती है।
    उन्होंने कहा कि ‘खेती-किसानी’ के बीच ही नहीं, ‘किसानों’ के बीच भी बैठे भाजपाई बिचौलियों का भंडाफोड़ होना चाहिए। किसान कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा! भाजपा जाए तो खेतीबाड़ी बच पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *