अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दीपावली पर्व की शुभकामनाओं के साथ कहा है कि हमारी यही कामना है कि सच्ची दिवाली का उजाला हर घर तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रजापति समाज के लिए हम ये संकल्प उठाते हैं कि 2027 की दिवाली पर पीडीए सरकार उनके करोड़ों रुपए के दीये खरीदेगी, जिनसे उनकी इतनी आमदनी हो सके कि उनके घरों में कई महीनों तक दिवाली का प्रकाश बना रहे।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार दूर के तटीय राज्य के लोगों को ये काम देकर उत्तर प्रदेश के प्रजापति समाज का हक मार रही है। हम चाहते हैं दीया भी उत्तर प्रदेश का हो, बाती भी, तेल भी और रोशनी भी। भाजपा दीपोत्सव के ठेकों में उत्तर प्रदेश के लोगों की उपेक्षा करके ‘दीया तले अंधेरा’ करने का पाप न करे। भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी, भेदभाव से आम जनता त्रस्त है। इस सरकार ने किसानों, नौजवानों का जीवन बर्बाद कर दिया है। भाजपा सरकार जाएगी तभी लोगों के जीवन में बदलाव आयेगा। महंगाई कम होगी और जनता को राहत मिलेगी।
