सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बगैर नाम लिये बसपा प्रमुख के संबंध में कहा
अथाह ब्यूरो लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में हर स्तर पर भेदभाव हो रहा है। थानों में पोस्टिंग में भेदभाव हो रहा है। अन्याय हो रहा है। भाजपा के लोग अन्याय, अत्याचार करके निकल जाते हैं, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है। भाजपा सरकार झूठे मुकदमों का विश्व रिकार्ड बनाना चाहती है। गरीबों और निदोर्षों को प्रताड़ित किया जा रहा है। प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहद खराब है। एनसीआरबी का आंकड़ा बता रहा है कि उत्तर प्रदेश में दलितों पर देश में सबसे ज्यादा अन्याय हो रहा है। बहन-बेटियों के साथ सबसे ज्यादा अपराध की घटनाएं उत्तर प्रदेश में हो रही है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में यादव ने बसपा प्रमुख का नाम लिए बगैर कहा कि उनकी भाजपा से अंदरूनी सांठगांठ जारी है। इसीलिए वो जुल्म करने वालों की आभारी हैं। भाजपा सरकार में पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों के साथ लगातार जुल्म हो रहा है। झूठे मुकदमें लगाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। अपमानित किया जा रहा है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान बसपा सरकार में बने पार्कों की साफ-सफाई न होने के बसपा प्रमुख के आरोपों पर कहा कि उनके अलावा उनकी मूर्ति समाजवादी पार्टी की सरकार में हमने ही लगवाई है। यादव ने कहा कि इसका रिकार्ड लिखित में है कि समाजवादी सरकार ने पार्कों के रखरखाव और साफ-सफाई के लिए एलडीए को आदेश जारी कर निर्देश दिया था। हमने खजूर के पेड़ सूखने पर पार्कों में वासिंगटोनिया और क्रोशिया के पेड़ लगवाए। ऐसे पेड़ लगवाएं जिनकी पत्तियां गिर जाने के बाद भी फूल आते हैं। भाजपा सरकार अगर मेंटीनेंस और रख-रखाव कर रही होती तो पत्थर काले नहीं पड़ते। उन्होंने बरेली में हुई घटना को साजिश बताते हुए कहा कि कानपुर के अखिलेश दुबे के मामले को छिपाने के लिए भाजपा सरकार ने बरेली की घटना करायी गयी। बरेली में जो कुछ हुआ वह सरकार की विफलता है। ज्ञापन देने का कार्यक्रम पहले से घोषित था लेकिन प्रशासन ने जानबूझ कर घटना होने दी। प्रशासन में कई लोग बैठे हैं जो जगह-जगह पर रहकर भाजपा को राजनीतिक लाभ दिलाने के लिए काम कर रहें हैं। बरेली में वही जिलाधिकारी है जिसने कटेहरी उपचुनाव में वोटो में धांधली करके भाजपा को जिताया था। अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर में अखिलेश दुबे पर बुलडोजर नहीं चला क्योंकि उसमें पुलिस के बड़े अधिकारी और सौ पुलिस वाले फंस रहे हैं। बरेली में निदोर्षों पर इसलिए बुलडोजर चल रहा है क्योंकि वहां गरीब, समाजवादी पार्टी और अल्पसंख्यक लोग हैं।