- मानसून सत्र के दूसरे दिन विधान परिषद में उठा हाऊस टैक्स मुद्दा
- गोयल ने कहा गाजियाबाद की जनता एवं पार्षदों में हाऊस टैक्स बढ़ने से रोष
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। विधान परिषद सदस्य दिनेश कुमार गोयल ने विधान परिषद के मानसून सत्र के दूसरे दिन गाजियाबाद के आम लोगों की आवाज बुलंद की। उन्होंने नगर निगम द्वारा बढ़ाये गये हाऊस टैक्स को वापस लेने की मांग करने के साथ ही सदन में इस मुद्दे पर चर्चा करने की मांग की।
विधान परिषद में दिनेश कुमार गोयल ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम में टैक्स रेट 96 पैसे, 1.20 रुपये व 1.45 रुपये था, जिसे नगर निगम के अधिकारियों ने बढ़ाकर रुपए 3.50 रुपये, 3.75 रुपय एवं 4 रुपये कर दिया जो लगभग 300 से 400 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा आम जनता ने और नगर निगम के जनप्रतिनिधियों अर्थात पार्षदों ने बढ़े हुए टैक्स का विरोध किया।
दिनेश कुमार गोयल ने कहा कि हाऊस टैक्स बढ़ाने केविरोध में 09.10.2024 को नगर निगम सदन की बैठक हुई जिसमें प्रस्ताव सं0-54 में इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया गया, लेकिन नगर निगम के अधिकारी ने इसे नहीं माना और टैक्स बढ़ाने पर आमादा रहे। इसके उपरान्त 07.01.2025 को दोबारा बैठक हुई जिसमें 09.10.2024 के कार्यवृत्त की पुष्टि की गयी लेकिन बढ़े हुए दरों के प्रस्ताव को पास दिखा दिया गया। इससे क्षुब्ध होकर 30.06.2025 को सदन की दोबारा बैठक हुई जिसमें नगर निगम में यह निर्णय हुआ कि ठीक है रियायत दी जायेगी और बढ़ा हुआ हाउस टैक्स भी खत्म किया जायेगा। यह मामला समाचार पत्रों में प्रकाशित हुआ।
दिनेश कुमार गोयल ने कहा कि बावजूद इसके नगर निगम द्वारा यह निर्णय लिया गया कि बढ़े हुए हाउस टैक्स के नोटिस नहीं भेजे जायेंगे, परन्तु इसके विपरित नगर निगम के अधिकारियों द्वारा बढ़े हुए हाऊस टैक्स के नोटिस जनता को भेज दिये गये। इस मामले में आम जनता में आक्रोश एवं क्षोभ व्याप्त है।
एमएलसी दिनेश कुमार गोयल द्वारा इस लोक महत्व के विषय पर नगर निगम गाजियाबाद द्वारा बढ़ाये गये हाउस टैक्स को वापस लिए जाने हेतु सदन में सरकार से अविलंब चर्चा एवं वक्तव्य कराये जाने की मांग की।
