Dainik Athah

बाढ़ और बचाव को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर बोला हमला

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार एक भ्रष्ट और नाकाम सरकार साबित हुई है। प्रदेश का बड़ा हिस्सा बाढ़ के कारण संकट के दौर से गुजर रहा है लेकिन भाजपा सरकार लोगों के बचाव और जरूरी चीजों की व्यवस्था करने में फेल हो गयी है। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार जब बड़े-बड़े लोगों की ‘सुपर वीवीआईपी’ रैली या सभा का आयोजन कर सकती है तो बाढ़ में राहत-बचाव का काम क्यों नही कर रही है?
यादव ने कहा कि प्रयागराज सहित प्रदेश के लगभग दो दर्जन जिलों में बाढ़ की वजह से भयावह स्थिति है। प्रयागराज, वाराणसी में गली मोहल्लों में नाव चलाने की नौबत है। भोजन और पीने के पानी की किल्लत चरम पर है। बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में घरों में पानी घुस गया है। बीमार, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को दवा-इलाज नहीं मिल पा रहा है। स्वास्थ्य-चिकित्सा सेवाएं ठप्प हैं। स्कूलों के मर्जर के कारण पहले से ही पढ़ाई के लिए बच्चे मारे-मारे फिर रहे हैं। बाढ़ ने स्थिति और खराब कर दी। बच्चों की पढ़ाई ठप्प है। बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में बिजली की समस्या है। करंट लगने का डर है। ऊपरी मंजिलों पर रहने पर मजबूर लोगों के बीच घर के धँसने का भी भय है। घरों के सामान डूब गये हैं। लोगों के पास पहनने को कपड़े नहीं है। मोबाइल चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिससे लोगों के बीच संवाद नहीं हो पा रहा है। सरकारी राहत दिखावा साबित हो रही है। मंत्रीगण सिर्फ खानापूर्ति करने में लगे हैं। मुख्यमंत्री जी द्वारा गठित टीम-11 की भूमिका शून्य है। भाजपा सरकार का जोर प्रचार पर है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में स्मार्टसिटी के नाम पर बजट का भारी अपव्यय किया है। प्रयागराज और वाराणसी स्मार्टसिटी के नाम पर बीस-बीस हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का अपव्यय हुआ। लेकिन इनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। जगह-जगह गड्ढ़ों का साम्राज्य और जलभराव है। उन्होंने कहा कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में बाढ़जन्य बीमारियों की आशंका हैं। बाढ़ सिर्फ़ कीचड़, कचरा, मलबा और दुर्गंध ही नहीं बीमारी-महामारी को भी छोड़कर जाती है।
श्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार से मांग की है कि उपरोक्त बिंदुओं के संबंध में सिलसिलेवार जवाब प्रकाशित करे। जनता भय और आशंका के माहौल में कब तक सहने पर मजबूर होगी। विकास और स्मार्टसिटी के दावों के बीच विनाश की तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं। भाजपा सरकार जाएगी तभी शहरों के आधारभूत ढ़ाचे और आम जनता की स्थिति में सुधार आयेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *