सपा प्रमुख ने आजमगढ़ में किया नये पार्टी कार्यालय का उद्घाटन
अथाह संवाददाता
आमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरूवार को आजमगढ़ में नए पार्टी कार्यालय भवन का उद्घाटन किया और कार्यालय परिसर में सम्मेलन और बैठक हाल का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि आजमगढ़ से पार्टी का भावनात्मक लगाव है। आजमगढ़ की जनता ने पार्टी के हर फैसले का सम्मान किया और साथ दिया। राजनीतिक परिस्थितियां कुछ भी रही हो आजमगढ़ ने हमेशा पार्टी को मजबूती दी। नेताजी को लोकसभा पहुंचाया, धर्मेन्द्र यादव जीते। आजमगढ़ से समाजवादियों का पुराना और गहरा रिश्ता है यह विचारधारा का सम्बंध है। यहां पास से जो एक्सप्रेस-वे जा रहा है। यह एक्सप्रेस-वे लखनऊ से एक तरफ आजमगढ़ तो दूसरी तरफ सैफई को जोड़ता है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे अभी बहुत काम होना है। विकास होना है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे समाजवादी सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में रिकार्ड भ्रष्टाचार हो रहा है। जल जीवन मिशन में टंकियां भाजपा के भ्रष्टाचार को सह नहीं पा रही है। हर महीने पानी की टंकियां फट रही है। इस सरकार ने गांव-गांव के रास्ते खोद दिए हैं लेकिन पानी कहीं नहीं पहुंच रहा है।
यादव ने कहा कि भाजपा संविधान, आरक्षण, सेकुलरिज्म और समाजवाद की विरोधी है। भाजपा वोट के डर से आरक्षण और संविधान के खिलाफ सीधे न बोलकर समाजवाद और सेकुलरिज्म के खिलाफ बोलती है। भाजपा अपने स्थापना काल का प्रस्ताव भूल गयी है। भाजपा में टकराव चल रहा है। इसीलिए वह अपना अध्यक्ष नहीं चुन पा रही है। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना को लेकर जनता जागरूक हो गयी है। जनता जानती है कि जातीय जनगणना होने से उसे हक और अधिकार मिलेगा। इसी से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा और उसकी विचारधारा के लोग सेकुलरिज्म, समाजवाद और संविधान पर हमले कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की ताकत और पीडीए की रणनीति ने दोनों दलों को उत्तर प्रदेश में नम्बर एक पर पहुंचा दिया। उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन बहुत मजबूत स्थिति में है। उत्तर प्रदेश का इतिहास है जो लोकसभा चुनाव जीतता है वहीं विधानसभा चुनाव जीतता है। जो लोकसभा में रिकार्ड बनाता है वही विधानसभा में भी रिकार्ड बनाता है। जो टेक्नॉलोजी समझते है वे जानते है कि समाजवादी पार्टी अगर एक-एक विधानसभा क्षेत्र में दस-दस हजार वोट बढ़ा लेगी तो रिकार्ड तोड़ सीटे जीतेगी। सामाजिक न्याय की लड़ाई में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी रिकार्ड बनाने जा रही है। भाजपा के सब इंजन टकरा रहे हैं। मुख्यमंत्री आउटगोइंग सीएम है। भाजपा के विधायक लड़ाई, झगड़े पर आ गये है। ये सीसीटीवी में पकड़े जा रहे है।
इस अवसर पर नेता विरोधी दल विधान सभा माता प्रसाद पाण्डेय, नेता विरोधी दल विधान परिषद लाल बिहारी यादव, पूर्व मंत्री बलराम यादव, सांसद धर्मेन्द्र यादव, लालजी वर्मा, राजीव राय, रामभुआल निषाद, दरोगा प्रसाद सरोज समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।