अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने आठ साल के कार्यकाल में विकास का कोई कार्य नहीं किया इतने वर्षों की सरकार के बाद भी भाजपा के केंद्र, प्रदेश के लोग समाजवादी सरकार में हुए विकास कार्यों का ही फीता काट रहे हैं। आज कानपुर में प्रधानमंत्री जिन विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कर रहे हैं, वे समाजवादी सरकार के समय के शुरू हुए काम है। समाजवादी सरकार का हर काम, जनता के नाम है। पनकी तापीय विस्तार योजना, नेवेली लिग्नाइट पावर प्लांट, कानपुर मेट्रो की नींव समाजवादी सरकार में रखी गई थी, अब भाजपा के लोग उन्हीं परियोजनाओं के गीत गा रहे हैं।
यादव ने कहा भाजपा के लोग बताए कानपुर में लाल इमली के बारे में भाजपा सरकार की कोई योजना है क्या?। उन्होंने कहा कि जिस लखनऊ और नोएडा की मेट्रो का उद्घाटन प्रधानमंत्री से कराया गया उसे भी समाजवादी सरकार ने बनाया था। समाजवादी हुए विकास कार्य विश्वस्तरीय और जनता के हित में है। आगरा- लखनऊ एक्सप्रेसवे, लखनऊ में इकाना अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, आईटी सिटी, जनेश्वर मिश्र पार्क इसके उदाहरण है। भाजपा सरकार में शुरू हुई ज्यादातर योजनाएं भ्रष्टाचार की शिकार है। भाजपा सरकार में शुरू हुआ जल जीवन मिशन तो लूट का मिशन बन गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस सरकार में हर कार्य और हर विभाग में भ्रष्टाचार है। लूट और बेईमानी चरम पर है। भाजपा की बेईमानी के बोझ तले अप्रैल में लखीमपुर में टंकी फटी, अब मई में सीतापुर में टंकी फट गई। लगता है जून में कहीं और भाजपा की तथाकथित ईमानदारी का डंका फटेगा। ये तो शुक्र है कि जो लोग जल जीवन मिशन की जाँच करने निकले थे, वे भरभरा के जमींदोज हो गयी इस टंकी के आसपास नहीं थे। भाजपा ने तो जल से छल करके भ्रष्टाचार की हर हद को पार कर दिया है। पानी की टंकियां भाजपा के भ्रष्टाचार का भार सह नहीं पा रही हैं। उत्तर प्रदेश में ऐसी लूट और भ्रष्टाचार कभी नहीं था जो आज भाजपा की सरकार में चल रहा है।