Dainik Athah

प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है: अखिलेश यादव

अथाह संवाददाता
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अपराध नियंत्रण के भाजपा सरकार के सभी दावे झूठे साबित हो रहे हैं। कानून व्यवस्था और अपराध को लेकर भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो चुका है। महिलाओं के साथ हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। भाजपा सरकार की नाकामी से महिला अपराध में यूपी नंबर वन बन गया है।

यादव ने कहा पिछले दिनों मुरादाबाद में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई। मेरठ में नर्स से दुष्कर्म का प्रयास हुआ। फरुर्खाबाद में घर में सो रही बुजुर्ग महिला की हत्या हो गई। बिल्हौर कानपुर नगर के चौबेपुर में एक व्यक्ति की हत्या हुई। यह घटनाएं तो सिर्फ उदाहरण मात्र है। प्रदेश में हर दिन ऐसी ही दर्जनों घटनाएं हो रही हैं।

अखिलेश यादव ने कहा भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। गरीबों के साथ अन्याय, अत्याचार की घटनाएं भी लगातार बढ़ती जा रही है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। धरातल पर कोई कार्य नहीं हो रहा है। सरकार के पास आश्वासन के अलावा कुछ नहीं। झूठ, लूट और भ्रष्टाचार भाजपा सरकार की पहचान बन चुकी है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल है। पुलिस हिरासत में सबसे ज्यादा मौतें भाजपा सरकार में हो रही है। भाजपा सरकार जनता का भरोसा खो चुकी है। जनहित में काम करने के बजाय भाजपा सरकार निदोर्शों का उत्पीड़न कर रही है। पीड़ित असहाय जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए संकल्पित है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *