तिरंगा यात्रा में शामिल हुए संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह

अथाह संवाददाता
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह शुक्रवार को चित्रकूट में तिरंगा यात्रा में सम्मिलित हुए। तिरंगा यात्रा में मां भारती का जयघोष करते हुए जनसैलाब के साथ भारतीय सेना के शौर्य व पराक्रम को प्रणाम किया।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि आॅपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान पर की गई सैन्य कार्रवाई ने भारत की संप्रभुता और शौर्य से विश्व को संदेश दिया है। भारतीय सेना के वीर जवानों ने साहस के साथ आतंक के ठिकानों को नष्ट करके विश्व को संदेश देने का काम किया है कि भारत के लिए उसका एक-एक नागरिक महत्वपूर्ण है। धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अपने कूटनीतिक कौशल के साथ सैन्य सामर्थ्य का भी सही उपयोग किया है। यही कारण है कि आज भारतीय सेना विश्व के लिए चेतावनी है कि भारत अब युद्ध थोपने वालों के लिए काल है और भारत से जो टकराएगा वह मिट जाएगा।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा मां भारती तथा भारतीय सेना का जयघोष है। यह विजयी संकल्प का उत्सव है जो हमारे वीर जवानों ने आॅपरेशन सिंदूर में करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हमारी सेना ने आतंकी अड्डो का पाकिस्तान में घुसकर सफाया किया, यह सैन्य कार्रवाई के साथ देश के 140 करोड़ नागरिकों के लिए आश्वासन था कि अब भारत बर्दाश्त नहीं करेगा।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि शान से फहराता तिरंगा आज विश्व को भारत की सामरिक शक्ति से परिचित करा रहा है और देश के वीर जवानों का मुक्ताकाश में जयगान कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ तेजी से आर्थिक व सामरिक रूप से महाशक्ति बनने की ओर बढ़ रहा है। हम सभी विकसित भारत के संकल्प की पूर्णता के लिए एक नागरिक के रूप में जुटें और देश को वैभवशाली बनाने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।