Dainik Athah

केंद्रीय-प्रदेश भाजपा संगठन चुनाव से पहले महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने शुरू की नयी टीम बनाने की तैयारी

  • चुन चुन कर युवा कार्यकर्ताओं को सौंपी जा रही जिम्मेदारियां
  • अब तक संगठन में जो बेगाने थे उनको भी बढ़ाया जा रहा आगे

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी के राष्टÑीय एवं प्रदेश संगठन चुनाव में हो रही देरी के मद्देनजर गाजियाबाद के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने अपनी टीम का गठन करने के लिए जोरदार तैयारियां शुरू कर दी है। यह भी तय माना जा रहा है कि इक्का दुक्का को छोड़कर मयंक गोयल की पूरी टीम ही नयी होगी।

बता दें कि लंबे समय तक महानगर अध्यक्ष रहे शहर विधायक संजीव शर्मा की टीम को एक मजबूत टीम माना जाता था, इसका कारण अनेक सफल कार्यक्रमों को माना जा रहा था। इसके साथ ही खुद संजीव शर्मा ने जिस प्रकार अपने कुछ खास लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हुई थी उसको लेकर सवाल भी यदाकदा खड़े हो जाते थे। हालांकि टीम के कुछ सदस्यों को जो अपनी स्वामी भक्ति नहीं दिखा पाये को पदों से तो नहीं हटाया गया, लेकिन आरोप था कि ऐसे लोगों को किनारे करने के लिए उन्हें सूचना देनी ही बंद कर दी गई।

संजीव शर्मा और उनकी टीम के कई प्रमुख सदस्य भी महानगर भाजपा अध्यक्ष की दौड़ में शामिल थे। एक प्रकार से महानगर अध्यक्ष की दौड़ गला काट प्रतियोगिता की भांति थी, लेकिन मयंक गोयल ने सभी अवरोध पार करते हुए अध्यक्ष पद हासिल कर लिया। अब कुछ लोग जो निवृतमान महानगर के ज्यादा नजदीक थे को दर किनार किये जाने का काम शुरू हो गया है। उनके स्थान पर युवा कार्यकर्ताओं को अधिक तरजीह दी जा रही है। इतना ही नहीं कुछ पुराने कार्यकर्ता और पदाधिकारी जिन्हें नजरअंदाज किया गया था को भी आगे लाकर उन्हें पार्टी के कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां सौंपी जा रही है।

भाजपा के अंदरूनी सूत्र बताते हैं कि कार्यक्रमों में युवा कार्यकर्ताओं एवं पुराने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने के बाद महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल इन कार्यकर्ताओं के दमखम का आंकलन भी कर लेंगे कि किस कार्यकर्ता में कितना दम है और वह कितना आगे तक जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन कर सकते हैं। उनकी परीक्षा में जो कार्यकर्ता असफल होंगे उन्हें दरकिनार कर दिया जायेगा। हालांकि इस समय महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के आगे- पीछे सैकड़ों कार्यकर्ता घूम रहे हैं, इनमें से अधिकांश उनकी टीम का सदस्य बनना चाहते हैं। सूत्र बताते हैं कि जो अच्छा काम करेंगे उन्हें आगे भी मौके दिये जायेंगे, लेकिन जो अच्छा काम नहीं कर पायेंगे उन्हें दर किनार कर दिया जायेगा।

अब देखना यह होगा कि जो टीम मयंक गोयल तैयार करना चाह रहे उसमें वर्तमान समय में ऐसे कितने होंगे जो उनकी टीम का सदस्य बनने की पात्रता रखेंगे। हालांकि भाजपा महानगर अध्यक्ष को टीम तैयार करने से पहले भारी भरकम सिफारिशों एवं दबाव से भी निपटना होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *