Dainik Athah

भाजपा सरकार में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। भाजपा सरकार का अपराध को लेकर जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो साबित हो चुका है।

यादव ने कहा कि इस सरकार में महिलाओं के अपराध के मामले में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर है। पिछले दिनों मेरठ में चलती कार में दो किशोरियों के साथ गैंगरेप हो गया। इसी तरह इकौना थाना क्षेत्र में तिलक में जा रही बालिका का अपहरण हो गया। भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया। महिलाओं, बच्चियों के साथ हो रही घटनाओं के कारण लोगों में डर का माहौल है। महिलाओं, बेटियों के लिए उत्तर प्रदेश में सुरक्षित माहौल नहीं रह गया।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दबंगों और अपराधियों के बढ़ते आतंक और खराब होती कानून व्यवस्था के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। भाजपा सरकार जनता से झूठे वादे करने के अलावा कुछ नहीं करती है। समाजवादी सरकार में महिला सुरक्षा के लिए 1090 और पुलिस सेवा के लिए डायल 100 सेवा शुरू किया था लेकिन भाजपा सरकार ने सब बर्बाद कर दिया। भाजपा की कथनी करनी में बहुत अंतर है।

यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का रोमियों स्क्वाड जैसे बना था वैसे ही हवा में उड़ गया। बच्चियों के साथ दरंदिगी की घटनाएं आए दिन अखबारी सुर्खियां बनती है। सत्ता संरक्षित अपराधियों पर कार्रवाई नहीं होती है। कार्रवाई में भी जाति-धर्म का भेदभाव किया जाता है। इतनी बदनामी उत्तर प्रदेश की कभी नहीं हुई। 2027 में प्रदेश की जनता ने तय कर लिया है वह इस झूठी सरकार को सत्ता से हटाकर विकास और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध समाजवादी सरकार लाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *