प्रत्येक शक्तिकेन्द्र से मंडल कार्यसमिति में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय पर क्षेत्र के सभी नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों की संगठनात्मक बैठक को सम्बोधित किया। इसके साथ ही गोरखपुर क्षेत्र के जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी तथा मंडल चुनाव प्रवासियों की बैठक में भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण ईकाई है और चुनाव से लेकर संगठनात्मक गतिविधियों का मुख्य आधार है। भाजपा कार्यकतार्ओं के परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण से आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बदलते भारत की सामरिक शक्ति आज पूरा विश्व देख रहा है और आर्थिक रूप से मजबूत होता भारत विश्व को दिशा देने के लिए तैयार है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि मंडल अध्यक्षों का दायित्व है कि वह संगठनात्मक कार्यों की दृष्टि से आदर्श मंडल का गठन करें। मंडल गठन में 61 सदस्यों की कार्यसमिति का गठन किया जाएगा। जिसमें मंडल के 15 पदाधिकारी होगें, जबकि बाकी मंडल कार्यसमिति के सदस्य होगें। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ मंडल कार्यसमिति गठन में अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग व महिला समेत सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व होना चाहिए। सामाजिक समीकरणों के साथ प्रत्येक शक्तिकेन्द्र से मंडल कार्यसमिति में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक माह मंडल कार्यसमिति की बैठक हो तथा मंडल अध्यक्ष अपने प्रवास तथा कार्यों की डायरी मेंटेन करने की आदत बनाए।
प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि संगठन के सभी अभियानों एवं कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित करें। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कार्ययोजना तैयार करके सतत संपर्क व सतत संवाद के माध्यम से विपक्ष द्वारा लगातार फैलाए जा रहे झूठ और भ्रम का पदार्फाश करने का काम करना है। उन्होने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश तेजी से विश्व की तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर बढ़ रहा है। देश की सामरिक शक्ति पूरा विश्व देख रहा है। देश के प्रत्येक नागरिक की आत्मनिर्भरता के साथ विकसित भारत के संकल्प से सभी देशवासियों को जोड़ने का काम करना है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि विकसित भारत के साथ भारत के विश्वगुरू बनने और अपने पुरातन गौरव को पुन: प्राप्त करने तक हम सभी को परिश्रम और समर्पण भाव से काम करना है। हमारा ध्येय वैभवशाली राष्ट्र निर्माण का है। इसलिए भाजपा की केन्द्र व प्रदेश की सरकारों की सभी योजनाएं गरीब, वंचित, शोषित, पीड़ित वर्ग के आर्थिक व सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित है। किसी भी योजना में ना भेदभाव है और ना पक्षपात है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के सपनों के भारत और बाबा साहेब के संविधान के अनुरूप सामाजिक न्याय की व्यवस्था के लिए भाजपा की सरकार जरूरी है। भाजपा सरकार के लिए प्रभावी मंडल, मजबूत शक्ति केन्द्र और अभेद्य बूथ व्यूह रचना जरूरी है। आप सभी को मंडल कार्यसमितियों के गठन के लिए निष्ठावान कार्यकतार्ओं का चयन करना है।