Dainik Athah

बाबा साहेब के चेहरे में अपना चेहरा जोड़कर बाबा साहेब का अपमान कर रहे हैं: धर्मपाल सिंह

  • अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम, दलित उत्पीड़न में कीर्तिमान बनाने वाले
  • भाजपा सरकार ने सबका सम्मान सुनिश्चित किया है: प्रदेश महामंत्री संगठन भाजपा

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम तथा विभिन्न संगठनात्मक बैठकों के क्रम में रविवार को पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अमेठी तथा प्रयागराज महानगर, गंगापार , यमुनापार जिलों में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकतार्ओं को बूथ जीता, चुनाव जीता का मंत्र दिया।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव अनुसूचित जाति के संवैधानिक अधिकारों के पक्ष में मजबूती के साथ खड़ी है और अनुसूचित जातियों के साथ ही सभी वर्गों की आर्थिक उन्नति के साथ सामाजिक मजबूती और राजनीतिक भागीदारी भी सुनिश्चित कर रही है। भाजपा बाबा साहेब से जुड़े स्थानों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित करके उनके द्वारा प्रशस्त मार्ग का अनुसरण करने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। जबकि अपनी सरकार में दलित उत्पीड़न में कीर्तिमान बनाने वाले, बाबा साहेब को अपने मंच से भूमाफिया कहलवाने वाले अखिलेश यादव बाबा साहेब के चेहरे में अपना चेहरा जोड़ कर उनके बराबर दिखने की कोशिश करके बाबा साहेब का अपमान कर रहे है। धर्मपाल सिंह अमेठी व प्रयागराज में अनुसूचित जाति के पार्टी पदाधिकारियों से संवाद कर रहे थे।

इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के पूर्व, निवर्तमान तथा वर्तमान मंडल अध्यक्षों की बैठक को भी संबोधित किया और जनप्रतिनिधियों के साथ मंत्रणा की। इसके साथ ही प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह लगातार उन विधानसभाओं के मंडल अध्यक्षों व शक्तिकेन्द्र संयोजकों के साथ बैठक कर रहे है जहां पिछले चुनाव में भाजपा को अपेक्षित सफलता नही मिल सकी।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि हमें अपने बूथ पर मजबूत संगठनात्मक तंत्र के लिए बूथ स्तर पर पार्टी के पुराने नेताओं और सभी कार्यकतार्ओं को कार्यक्रमों व अभियानों से जोड़ना है। बूथ पर विजय की रणनीति के साथ सभी मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने के साथ राष्ट्रवादी विचारधारा से भी जोड़ने का काम लगातार करना है। भाजपा के पास सबसे अधिक अनुशासित व परिश्रमी कार्यकर्ता है, जो वैभवशाली राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर अहर्निश कार्य कर रहे है। विजय की गारंटी लेकर कार्य करने वाले भाजपा कार्यकर्ता 2027 में अभूतपूर्व बहुमत के साथ भाजपा की प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएंगे।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि अपने परिवार और अपने चहेतों के राजनीतिक और आर्थिक हितों के लिए अखिलेश यादव और राहुल गांधी अपनी पार्टी को कंपनी के तरह चला रहे हैं। दलितों और पिछड़ों को धोखा देकर राजनीति करने वाले सपा व कांग्रेस फिर झूठ और भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ पाने के लिए काम कर रहे है। जाति व वर्ग के नाम पर समाज में नफरत फैला कर देश को कमजोर करने का काम कर रहे है। हमें बूथ पर हर घर, हर व्यक्ति तक पहुंच कर विपक्ष के द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और भ्रम को समाप्त करना हैै।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार हो या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा सरकार हो सभी जगह मंत्रियों के रूप में अनुसूचित जाति का प्रतिनिधित्व प्रमुखता से निर्धारित किया गया है। वहीं भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में भी अनुसूचित जाति का नेतृत्व भी प्रमुखता से निर्धारित है। भाजपा ही अनुसूचित वर्ग तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग के व्यक्तियों को देश के शीर्ष पदों पर पहुंचने का काम कर रही है। भाजपा सरकार में आरक्षण सहित अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारों का मजबूती के साथ संरक्षण किया गया है। भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की स्मृति से जुडे़ स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहेब के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए सच्चे अर्थो में श्रद्धांजलि अर्पित की है और बाबा साहेब के स्पप्न का भारत बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे है। जबकि कांग्रेस व सपा ने अनुसूचित वर्ग को सिर्फ धोखा देने, उनका शोषण करने और उनके संविधान प्रदत्त अधिकारों पर कुठाराघात करने का काम किया। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 के रहते हुए अनुसूचित जाति का आरक्षण लागू नही था। मोदी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में 370 समाप्त होने के साथ ही अनुसूचित जाति को उनका अधिकार मिला है। जम्मू कश्मीर में धारा 370 लगाकर एससी वर्ग का आरक्षण छीनने की गुनहगार कांग्रेस है। सपा सरकार के समय उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक दलितों को उत्पीड़न हुआ और मुस्लिम तुष्टिकरण के झंडाबरदार अखिलेश यादव हमेशा दलित उत्पीड़न करने बालों और बाबा साहेब का अपमान करने बालों की पीठ थपथपाते रहे। हमें कांग्रेस और सपा के कारनामे लेकर अनुसूचित वर्ग के बीच जाना हैं।

उन्होंने कहा कि सपा के शासन में मां, बहन, बेटियां असुरक्षित थी और गुण्डों, शौहदों, माफियाओं को सरकारी संरक्षण प्राप्त था। आज बदले हुए परिवेश में भाजपा सरकार ने सबका सम्मान सुनिश्चित किया है। मां, बहन, बेटियों की सुरक्षा की गारंटी, भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आर्थिक व सामाजिक सम्पन्नता के साथ आगे बढ़ते अनुसूचित वर्ग, विकसित भारत के संकल्प के साथ सबके विकास की आधारशीला से आर्थिक व सामरिक रूप से मजबूत भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जनमानस के साथ सतत संपर्क और सतत संवाद से हमें विपक्ष के हर षडयंत्र को विफल करना है। विपक्ष के पास कोई ऐंजेंडा नही है, विकास का विजन नही है। इसलिए वह झूठ के ऐंजेंडे पर बढ़ते हुए सिर्फ अफवाहों और झूठ को फैलाने का काम कर रहे है। लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता विपक्ष के हर मंसूबे को विफल करते हुए 2027 में प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *