- कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा समेत गणमान्यों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
- पार्टी के झंडे में लपेटकर कर किया अंतिम संस्कार
अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक वरिष्ठ नेता देशराज देशी का शनिवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर जैसे ही लोगों को मिली तो पूरे महानगर में शोक छा गया। कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल समेत तमाम नेताओं व समाजसेवियों का उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए तांता लग गया। सभी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
शनिवार अपराह्न 4:00 बजे हिंडन तट पर नाम आंखों के साथ इस लोकप्रिय भाजपा नेता का अंतिम संस्कार कर दिया गया। देशराज देशी की गिनती एक ईमानदार और मददगार नेताओं के रूप में होती थी। समाज में उनकी अलग छवि थी। हर धर्म और वर्ग के लोगों को उनके निधन से आघात पहुंचा है। श्री देशी अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इसमें पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि भारतीय जनता पार्टी को गाजियाबाद में स्थापित करने में देशराज जी का बहुमूल्य योगदान रहा है। यकीन ही नहीं हो रहा कि सच में देशराज देशी नहीं रहे। आज सुबह बाथ रुम में गिरने से सिर में लगी चोट प्राण घातक हुई। देशराज देशी लाइन पार के उन कार्यकतार्ओं में से हैं जिन्होंने भाजपा के विस्तार में बड़ी भूमिका निभाई थी। जब 1984- 85 मैं नगर अध्यक्ष बना तब वह मेरी टीम में पदाधिकारी थे। जिन चार पांच युवा कार्यकतार्ओं के बल पर हमने भाजपा को गाजियाबाद में जीतने वाली पार्टी बनाने में अथक परिश्रम किया।
उनके अंतिम संस्कार के मौके पर कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, भाजपा के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र त्यागी, अनिल स्वामी, पूर्व महापौर आशु वर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा, राष्ट्रीय लोकदल के नेता सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू, पूर्व विधायक कृष्णवीर सिरोही, कांग्रेस नेता पवन शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश गोयल, वरिष्ठ पत्रकार राधा रमण, पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर, शिक्षाविद जोगेंद्र सिंह बग्गू, सरदार एसपी सिंह, सुखविंदर सिंह, हरजीत सिंह बिट्टू, लेखराज माहौर समेत तमाम लोग शामिल हुए और नम आंखों के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी।