- आखिर कौन है भाजपा की इस गुटबाजी के पीछे
- 25 को मोदीनगर के सैदपुर गांव में होगा कार्यक्रम, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल होंगे मुख्य अतिथि
- प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, समाज कल्याण मंत्री असीम अरूण, क्षेत्रीय भाजपा अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया होंगे मौजूद
- पूर्व सांसद डा. सत्यपाल सिंह भी बढ़ायेंगे कार्यक्रम की शोभा
अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी में अनुशासनहीनता कहते हैं बर्दाश्त नहीं की जाती, इसके साथ ही कोई भी कार्यक्रम हो उसमें प्रोटोकॉल का भी पूरा ख्याल रखा जाता है। बावजूद इसके 25 अप्रैल को मोदीनगर विधानसभा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मोदीनगर से भाजपा विधायक का नाम ही आमंत्रित अतिथियों में शामिल नहीं है। यह स्थिति तब है जब केंद्र और प्रदेश सरकार के कई मंत्री इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र के गांव सैदपुर में 25 अप्रैल को बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुल राम मेघवाल, प्रदेश सरकार में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरूण के साथ ही पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद डा. सत्यपाल सिंह के साथ ही भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया, जिलाध्यक्ष समेत कई अतिथि शामिल होंगे। लेकिन इस कार्यक्रम के लिए जो पंपलेट प्रकाशित किया गया है उसमें भाजपा की स्थानीय विधायक डा. मंजू शिवाच का नाम ही शामिल नहीं है।
जबकि कार्यक्रम के आयोजक के रूप में भाजपा के एक कार्यकर्ता का नाम है। पंपलेट में उसे केवल कार्यकर्ता बताया गया है। सूत्रों की मानें तो इस आयोजन के पीछे कोई बड़ा दिमाग काम कर रहा है। इसके पीछे भाजपा की गुटबाजी को माना जा रहा है।
कौन कर रहा है आर्थिक मदद
भाजपा सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम के आयोजन में खर्चा भी ठीक ठाक होगा, ऐसे में आयोजक इतना खर्च वहन कर पायेंगे इसमें संशय है, जिस कारण यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि पर्दे के पीछे से कोई न कोई कार्यक्रम को स्पांसर कर रहा है। इसमें अतिथियों में शामिल लोगों के नाम ही आ रहे हैं। अब देखते हैं कि भाजपा संगठन के लोग इस मामले में क्या कहते हैं, हालांकि भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया से बात करने का प्रयास किया, लेकिन वे किसी समारोह में थे जिस कारण उनसे बात नहीं हो सकी।