Dainik Athah

सपा की सरकार बनने पर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेंगे: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के राज की स्थापना और आर्थिक गैरबराबरी दूर करना दो बड़ी चुनौतियां है। समाजवादी पार्टी इन चुनौतियों का मुकाबला कर रही है। आने वाले समय में प्रदेश में समाजवादी सरकार होगी। हम सामाजिक न्याय के रास्ते पर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर ने देश को जो संविधान दिया है उसकी प्रस्तावना में ही लिखा है कि हमें धर्मनिरपेक्ष, समाजवादी और लोकतांत्रिक देश बनाना है। बाबा साहब के बनाये संविधान की प्रस्तावना में ही समाजवाद है। नेताजी ने हम लोगों को विरासत में समाजवादी विचारधारा और समाजवादी आंदोलन दिया है। नेताजी समाजवादी आंदोलन को यहां तक लेकर आये अब युवाओं की जिम्मेदारी है कि कई सौ वर्षों तक इसे आगे लेकर चलें।
शुक्रवार को एक कार्यक्रम में यादव ने कहा कि 2012 से 2017 तक समाजवादी सरकार की कई बड़ी उपलब्धियां है। प्रदेश का आधारभूत ढांचा तैयार कर विकास के रास्ते पर ले जाने का कार्य किया। आज तो भाजपा सरकार एक्सप्रेस-वे का झूठा प्रचार कर रही है। मुख्यमंत्री जी नहीं समझते कि एक्सप्रेस-वे क्या होता है। वह तो फोरलेन सड़क और किसी भी सड़क को एक्सप्रेस-वे कहने लगते है। समाजवादी सरकार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे तब बनाया था जब इंडियन रोड़ कांग्रेस के मानक भी तय नहीं हुए थे। समाजवादी पार्टी की सरकार ने 323 किलोमीटर का एक्सप्रेस-वे रिकार्ड 23 माह में बना दिया था। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे 6 लेन का है। इसे आठ लेन किया जा सकता है। यह पहला एक्सप्रेस-वे है जिस पर सेना के लड़ाकू विमान उतारने के लिए हवाई पट्टी बनायी गयी थी। जब हमने नेताजी से इसका उद्घाटन कराया तो देश के सबसे उन्नत किस्म के लड़ाकू विमान सुखोई और मेराज उतारे गये थे। बाद में हरक्यूलिस भी उतारा गया। यह समाजवादियों की उपलब्धि थी। समाजवादी सरकार में ही हमने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की शुरूआत की थी, उसकी डिजायन किया, जमीन खरीदी गयी। उस पर भी लड़ाकू विमानों की एमरजेंसी लैंडिंग के लिए हवाई पट्टी डिजायन की गयी थी, जिसका परिणाम था कि प्रधानमंत्री जी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हरक्यूलिस विमान से उतरे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के बाद एनएचएआई ने उसकी डिजायन की नकल की।
अखिलेश यादव ने कहा कि मैंने कई बार कहा कि अमेरिका ने सड़कें बनायी और सड़कों ने अमेरिका को बनाया। अगर स्पीड डबल होगी तो अर्थव्यवस्था तीन गुनी हो जायेगी। भाजपा सरकार जो एक्सप्रेस-वे बना रही है उस पर चलने से पेट दर्द होने लगेगा। प्रधानमंत्री ने एक बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया था। उसका मेंटेनेंस आज भी चल रहा है। भाजपा सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे एक इंच भी आगे नहीं बढ़ाया। अगर उसे गाजीपुर से आगे बलिया से जोड़ दिया गया होता तो वह बिहार से जुड़ जाता और उत्तर प्रदेश को दुनिया का सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे मिल गया होता। इसके साथ ही समाजवादी सरकार में बच्चों को लैपटॉप बांटा गया। जो लैपटॉप दिये थे आज भी चल रहे हैं। लखनऊ, कानपुर, आगरा, नोएडा, ग्रेटर नोएडा में मेट्रो दी। इस सरकार ने कोई मेट्रो नहीं दी। लखनऊ में मेट्रो का काम नहीं बढ़ने दिया। समाजवादी सरकार में हमने वाराणसी में भी मेट्रो दी थी लेकिन मुख्यमंत्री जी ने वाराणसी में प्रधानमंत्री जी के क्षेत्र में मेट्रो नहीं बनने दिया। वह अपने गृह जिले गोरखपुर में भी मेट्रों नहीं बना पाये। भाजपा सरकार आने के बाद मुख्यमंत्री जी ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के मानकों के साथ खिलवाड़ किया। एक्सप्रेस-वे का मीडियम कम कर दिया। मंडियां नहीं बनायी। केवल सस्ता दिखाने के लिए क्वालिटी खराब किया। सेफ्टी और सिक्योरिटी के साथ खिलवाड़ किया। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे 90 किलोमीटर सड़क 7 हजार करोड़ में बन रही है। उसके निर्माण में आज भी गोरखधंधा चल रहा है।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की एक ही उपलब्धि है पकौड़ा और भगोड़ा। नौकरी के नाम पर युवाओं को पकौड़ा तलने का काम मिला और कई लोग बैंकों से पैसा लेकर भाग गयें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा व्यवस्था भाजपा सरकार ने खराब कर दी है। मेडिकल कॉलेजों को बर्बाद कर दिया। वहां पर्याप्त स्टाफ नहीं है। तकनीकी स्टाफ नहीं है। इलाज नहीं मिल पा रहा है। शाहजहांपुर, जौनपुर, आजमगढ़ समेत कई अन्य मेडिकल कॉलेज है जिनमें सुविधायें नहीं है। राजधानी लखनऊ के डा. राम मनोहर लोहिया संस्थान और केजीएमयू का बुरा हाल है। ट्रामा सेंटर में दलाल घूमते हैं। गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है।
कार्यक्रम में एक व्यक्ति के व्यवधान डालने पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोगों द्वारा कार्यकमों में व्यवधान डालना ठीक नहीं है। भाजपा के लोग अलोकतांत्रिक है। यही इनका चाल, चरित्र और चेहरा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *