भाजपा सरकार में देश में लगातार गैर बराबरी बढ़ रही है
अथाह ब्यूरो
भुवनेश्वर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में देश में लगातार गैर बराबरी बढ़ रही है। भाजपा आम जनता के बुनियादी सवालों बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से ध्यान हटाने के लिए नए-नए फैसले ले रही है। भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही हैै। संस्थाओं को काम करने की आजादी नहीं है।
बुधवार को उड़ीसा के दो दिवसीय दौरे पर भुवनेश्वर पहुंचे यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का सपना सामाजिक न्याय के राज की स्थापना, सबको सम्मान और बराबरी का हक दिलाने का था। हम समाजवादी लोग बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के सपने को पूरा करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वे कई बार उड़ीसा आ चुके हैं लेकिन पिछले दिनों हमारी मुलाकात पूर्व केंद्रीय मंत्री, समाजवादी नेता श्रीकांत जेना से हुई। उनसे सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र, लोकतांत्रिक मूल्यों समेत तमाम मुद्दों पर बात हुई। जो सामाजिक न्याय की बात करे, वह समाजवादी है। उड़ीसा में हम सामाजिक न्याय की ताकतों के साथ मिलकर काम करेंगे। उड़ीसा में शोषण हो रहा है। भाजपा सरकार भेदभाव कर रही है। इसके खिलाफ श्रीकांत जेना काम कर रहे है। हम इनके साथ हैं। हमारी कोशिश है कि समाजवादी पार्टी को उड़ीसा में भी मजबूत किया जाए, लोगों को जोड़ा जाए। समाजवादी विचारधारा को लोगों तक पहुंचाया जाए।
एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि ईडी जैसे विभाग को समाप्त कर देना चाहिए। आर्थिक अपराध के मामलों को देखने के लिए इनकम टैक्स समेत कई संस्थाएं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ईडी बनाई थी। आज ईडी की वजह से कांग्रेस को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जब ईडी का कानून कांग्रेस की सरकार ने बनाया था। तब उस समय बहुत दलों ने इसका विरोध किया था। हमें जानकारी मिली थी कि महाराष्ट्र में जो नेता भाजपा के खिलाफ थे, वे ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स से बच नहीं पाये। जब लोग जीएसटी दे रहे है, इनकम टैक्स जैसा विभाग है तो ईडी की क्या जरूरत है?
यादव ने कहा कि नोटबंदी के बाद उत्तर प्रदेश में जगह-जगह बहुत पैसे निकले थे। यूपी में आईएएस भी भ्रष्टाचार करके गायब हैं। सुनने में आ रहा है कि वह मुख्यमंत्री के यहां ही छिपा हैं। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। यूपी में इन्वेस्टमेंट में सरकार जो इन्सेटिव दे रही है उसमें कमीशन लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार शिक्षा और नौकरी के क्षेत्र में जो आरक्षण दिया गया है उसे लागू करना चाहिए। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस समेत तमाम सेकुलर दलों ने वक्फ संशोधन बिल का विरोध किया था आगे भी हम वक्फ कानून का विरोध करते रहेंगे। वक्फ बिल मामले पर हमारी नीति साफ है। हमने इसका विरोध किया, विरोध में वोट भी दिया।
