भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकारी विभागों में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार फैला हुआ है। हर स्तर पर लूट, घपले चल रहे हैं। भ्रष्टाचारियों और अपराधियों को सरकार का संरक्षण मिला हुआ है। वे खुलेआम सरकारी धन की बंदरबांट कर रहे है। कालाबाजारी जमकर चल रही है।
यादव ने कहा कि इस सरकार में भ्रष्टाचार इस स्तर तक पहुंच गया है कि भ्रष्टाचार के मामलों को उजागर करने वाले पत्रकारों को धमकियां मिल रही है। उनकी हत्या तक हो जाती हैं। बीते शनिवार को सीतापुर में भ्रष्टाचार उजागर करने वाले पत्रकार की हत्या हो गई। भाजपा सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। सीतापुर में पत्रकार राघवेन्द्र बाजपेई की दिन दहाड़े हत्या कानून व्यवस्था पर भाजपा सरकार की जीरों टॉलरेंस की पोल खोल रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में अराजकता फैला रखी है। पत्रकार राघवेन्द्र बाजपेई को गोलियों से छलनी करने पर सरकार खामोश है। अगर एक पत्रकार सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की क्या स्थिति होगी इसका बस अंदाजा लगाया जा सकता है। हैरानी की बात है कि भाजपा सरकार खुद झूठ और लूट को बढ़ावा देने की नीति पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री जी ने सदन में महाकुंभ में तीस करोड़ कमाने वाले का झूठा हिसाब तो दे दिया लेकिन अपनों को खो देने वालों के प्रति संवेदना तक नहीं जताई और न ही महाकुंभ में भगदड़ में मरने वालों की संख्या बताई।
यादव ने कहा कि जब सरकार खुद हिस्ट्रीसीटरों और अपराधियों का विधानसभा में खड़े होकर महिमामंडन करेगी तो कानून व्यवस्था कैसे सुधरेगी? सरकार खुद धोखेबाजो, ठगों, भ्रष्टाचारियों और अपराधियों को संरक्षण देती नहीं थकती है। वहीं दूसरी तरफ लोकतंत्र, संविधान को मानने वालों के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार करती है। भाजपा सरकार सच दिखाने पर पत्रकारों को धमकाती हैं, उन्हें तरह-तरह से प्रताड़ित करती है। अभिव्यक्ति की आजादी कुचलने का कोई मौका नहीं छोड़ती है। सत्य बोलने और सच दिखाने वालों को जेल में डाल दिया जाता है। फर्जी मुकदमा लगाया जाता है। भाजपा सरकार का पूरा सिस्टम भ्रष्टाचार और सच्चाई दबाने में लगा हुआ है।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधी बेखौफ है। कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचारियों पर सरकार के सारे दावे झूठे हैं। जनता 2027 में भाजपा सरकार को हटाकर राज्य को भाजपा के जंगलराज से मुक्ति दिलाएगी।