Dainik Athah

भाजपा सरकार ने महाकुंभ का इंतजाम करने के बजाय सिर्फ अपना प्रचार किया: अखिलेश यादव

  • अथाह ब्यूरो
    लखनऊ।
    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने महाकुंभ का इंतजाम करने के बजाय सिर्फ अपना प्रचार किया। इवेन्ट मैनेजमेंट की कम्पनियों को लगाकर बड़े-बड़े चेहरों को बुलाया। इसका परिणाम यह हुआ कि बड़ी संख्या में आम श्रद्धालु संगम पहुंचे। सरकार ने सौ करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान का इंतजाम का दावा किया लेकिन कुंभ की ठीक ढंग से तैयारी नहीं की। भाजपा बता रही है कि कुंभ का आयोजन पहली बार हो रहा है जबकि डाक्यूमेंटेड हिस्ट्री बताती है कि कुंभ सम्राट हर्षवर्धन के समय से हो रहा है। हालांकि कुंभ पौराणिक है, इसका आयोजन सदियों से हो रहा है। लेकिन इस कुंभ के आयोजन को भाजपा बता रही है कि कुंभ पहली बार हो रहा है। पहले कुंभ होता ही नहीं था। 144 साल वाला जो गणित बता रहे हैं, कोई भी वैज्ञानिक और जो लोग ज्योतिष को समझते हैं। ग्रह, नक्षत्रों को समझते हैं वह जानते हैं कि कुंभ हर 12 साल में आता है लेकिन इन्होंने जो 144 साल का गणित बताया है वह किस वर्ष से नापा है, किस कारण नापा है कोई नहीं जानता है।
    यादव ने कहा कि जनता भोली-भाली है। आस्थावान है। उनकी बात में आ गयी। भाजपा सरकार कुंभ में आये श्रद्धालुओं की गिनती कम बता रही है। वह जानबूझकर गिनती छिपा रही है। अभी तक कुंभ में 65-70 करोड़ लोग स्नान कर चुके हैं। महाकुंभ के महा आयोजन में अभी बुजुर्ग लोग स्नान नहीं कर पाये हैं। कुंभ के आयोजन का समय और बढ़ाया जाना चाहिए, जिससे सभी लोगों को स्नान का मौका मिले। उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में हुई मौतों को दु:खद बताते हुए कहा कि सरकार संगम में डुबकी लगाने वालों की संख्या की गिनती कर ले रही है लेकिन मृतकों की सही संख्या नहीं गिन पायी। न तो मृतकों की सही संख्या आयी और न खोये लोगों की जानकारी मिल पा रही है।
    अखिलेश यादव ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में बड़े पैमाने पर जान गयी है। यह सरकार की नाकामी है। सरकार की नाकामी से जान गयी है। सोशल मीडिया, कुलियों और आम जनता से लेकर अलग-अलग तरीकों से जानकारी आ रही है। भाजपा सरकार चाहे जितना छिपाने का प्रयास करे लेकिन छिपा नहीं पायेगी। जनता के सामने इनकी मनमानी नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि यह डबल इंजन नहीं, डबल ब्लंडर की सरकार है। न लखनऊ की सरकार व्यवस्था संभाल पा रही है और न दिल्ली की सरकार व्यवस्था देख पा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कारोबार नहीं बढ़ाना चाहती है। अपना बाजार दूसरे लोगों को दे रही है।
    समाजवादी पार्टी के नेताओं की गिरफ्तारी के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं की गिरफ्तारी मुख्यमंत्री जी करा रहे है। वह कुंभ पर ध्यान नहीं दे रहे है। आज कल वह सोशल मीडिया पर समय गुजार रहे है। सुनने में आ रहा है कि रील्स देख रहे हैं। लोग उनको दिखाते हैं कि क्या लिखा जा रहा है और कहते है कि सरकार की बुराई हो रही है जबकि सच्चाई यह है कि समाजवादी लोग सरकार की नाकामियों को उजागर करते हैं। विपक्ष का काम ही होता है कि सकारात्मक विरोध करना, जानकारी देना, प्रेस के लोग भी जब सच्चाई दिखाते है तो उन पर भी सरकार दबाव बनाती है।
    यादव ने कहा कि धार्मिक आयोजन मुनाफा के लिए नहीं होते हैं। मुख्यमंत्री जी कह रहे हैं कि महाकुंभ से दो लाख करोड़ रुपए का व्यापार होगा। लेकिन वहां व्यापारी घाटे में चले गये हैं। जिन्होंने दुकाने ली उनका नुकसान हुआ। व्यापार नहीं हुआ। सामान नहीं बिका। भाजपा सरकार ने कुंभ का प्रयोग खुद को चमकाने के लिए किया। भाजपा सरकार कोई भी कार्यक्रम चाहे राजनीतिक हो, धार्मिक हो, सांस्कृतिक हो या खेल का हो, हर चीज का राजनीतिकरण करती है। महाकुंभ धार्मिक कार्यक्रम है। यह सबका कार्यक्रम है। आयोजन के नाम पर बहुत सारा पैसा निकालना था। इसीलिए महा आयोजन नाम दिया। गुमराह किया। भाजपा मनमानी करती है। चाहती है, जो वे सोचें वही सब लोग स्वीकार करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *