Dainik Athah

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने निटरा में 62 वें ज्वाइंट टेक्नोलॉजिकल कांफ्रेंस का किया उदघाटन

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद
। ज्वाइंट टेक्नोलॉजिकल कांफ्रेंस (जेटीसी) भारत के अग्रणी वस्त्र अनुसन्धान संस्थानों अटीरा, बिटरा, सिटरा और निटरा का वार्षिक कार्यक्रम है। यह संयुक्त रूप से आयोजित एक राष्ट्रीय तकनीकी सम्मलेन है जिसमें वस्त्र एवं परिधान उद्योग के प्रतिनिधि भाग लेते हैं। वस्त्र अनुसन्धान संस्थानों द्वारा विगत वर्ष में वस्त्र क्षेत्र में आर एंड डी आधारित तकनीकी विकास के कार्यों को प्रस्तुत किया जाता है। इस बार निटरा अपने स्वर्ण जयंती वर्ष (1974 – 2024) में इस कार्यक्रम का आयोजन गाजियाबाद के अपने प्रांगण में 24-25 अक्टूबर 2024 को कर रही है।
केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह 62 वें जेटीसी के मुख्य अतिथि थे। वस्त्र मंत्रालय के उच्चाधिकारी राजीव सक्सेना, संयुक्त सचिव और रूप राशि, वस्त्र आयुक्त ने भी सम्मलेन में भाग लिया। इसके अतिरिक्त निटरा के चेयरमैन विदित जैन, डिप्टी चेयरमैन संदीप होरा, अटीरा, बिटरा और सिटरा के निदेशक प्रग्नेश शाह, डा. टी. वी. श्रीकुमार और डा. प्रकाश वासुदेवन, निटरा के महानिदेशक डा. अरिंदम बासु, विभिन्न अनुसन्धान वैज्ञानिक, उद्योगों के प्रतिनिधि तथा सैन्य एवं अर्ध-सैन्य बलों के उच्चाधिकारी भी उपस्थित रहे। इस दो दिवसीय सम्मलेन में पारंपरिक एवं तकनीकी वस्त्र तकनीक पर आठ वस्त्र अनुसन्धान संस्थानों के वैज्ञानिकों द्वारा 26 शोध पत्र लगभग 200 प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत किये गए।

महानिदेशक निटरा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि वस्त्र अनुसन्धान संस्थान भारत के सभी वस्त्र अनुसन्धान क्षेत्रों में सदैव अग्रणी रहे हैं। ये वस्त्र मंत्रालय की कार्यान्वयन एजेंसियों के रूप में भी कार्य करते हैं। उन्होंने वस्त्र उद्योगों से और अधिक सहयोग का अनुरोध किया ताकि वस्त्र अनुसन्धान संस्थान पूरे मनोयोग से अनुसन्धान गतिविधियां कर सकें और उनके परिणामों से भारतीय वस्त्र उद्योग को लाभान्वित कर सकें। निटरा के चेयरमैन ने वस्त्र अनुसन्धान संस्थानों की गतिविधियों और उपलब्धियों की संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत की।

कपड़ा मंत्री ने ज्वाइंट टेक्नोलॉजिकल कांफ्रेंस का उदघाटन किया। उन्होंने वस्त्र उत्पाद एवं तकनीक सम्बंधित प्रदर्शनी, पोस्टर प्रस्तुतीकरण तथा निटरा के नॉन वूवेन प्लांट और फाइबर स्पिनिंग प्लांट का भी उदघाटन किया। अपने मुख्य भाषण में उन्होंने वस्त्र अनुसन्धान संस्थानों की गतिविधियों और उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्य अतिथि निटरा की प्रोटेक्टिव और आॅटोमोटिव टेक्सटाइल्स के क्षेत्र में अनुसन्धान गतिविधियों तथा उत्पाद विकास से विशेष रूप से संतुष्ट हुए। मंत्री ने 25 वर्ष की कार्य अवधि पूरी करने वाले 25 निटरा कर्मियों को भी सम्मानित किया ।

संयुक्त सचिव, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार ने कहा कि वस्त्र अनुसन्धान संस्थानों को पारंपरिक वस्त्रों के साथ ही तकनीकी वस्त्रों पर अधिक कार्य करना चाहिए। वस्त्र आयुक्त ने वस्त्र अनुसन्धान संस्थानों को सुद्रढ़ करने के लिए वस्त्र मंत्रालय द्वारा की जाने वाली सहायताओं के विषय में चर्चा की। अटीरा के निदेशक ने प्रथम दिवस हेतु धन्यवाद दिया। कल फिर शोध पत्र प्रस्तुतीकरण एवं अंतिम सत्र होगा। निटरा के निदेशक डा. एम. एस. परमार 62 वें जेटीसी के समापन हेतु धन्यवाद का प्रस्ताव रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *