Dainik Athah

भाजपा समेत सभी दलों में टिकट के लिए जोर आजमाइश शुरू

  • गाजियाबाद शहर विधानसभा उप चुनाव के लिए शुरू हुई उल्टी गिनती
  • भाजपा हर हाल में जीतना चाहेगी शहर सीट का उप चुनाव
  • भाजपा में तीन नामों का पैनल, वर्तमान, पूर्व महानगर अध्यक्षों के साथ ही क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मजबूत दावेदार

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
गाजियाबाद शहर विधानसभा उप चुनाव के लिए तारीख की घोषणा होने के साथ ही सभी दलों खासकर भाजपा और कांग्रेस में टिकट के लिए जोर आजमाइश शुरू हो गई है। भाजपा में तीन नामों की चर्चा सबसे अधिक है जिनके नाम पैनल में बताये जा रहे हैं। वहीं, कांग्रेस में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं पूर्व सांसद के पुत्र के साथ ही कांग्रेस की प्रवक्ता के पिता एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष के नामों की चर्चा तेज हो गई है।

निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को महाराष्टÑ एवं झारखंड विधानसभा चुनावों के साथ ही लोकसभा एवं विधानसभा की 50 सीटों के उप चुनाव की घोषणा कर दी। गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर उप चुनाव 13 नवंबर को होगा। यह सीट भाजपा के अतुल गर्ग के सांसद चुने जाने के बाद रिक्त हुई थी। इसके साथ ही सीट के लिए भाजपा व कांग्रेस में टिकट के लिए सबसे ज्यादा मारामारी है। भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी ने तीन नामों का पैनल दिल्ली भेज दिया था। इस पैनल के नामों पर दो दिन पहले केंद्रीय कमेटी में विचार विमर्श भी हुआ। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं राष्टÑीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी तथा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी मौजूद थे।

सूत्रों के अनुसार पैनल में प्रमुखता से तीन नाम शामिल है। इसमें महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री अशोक मोंगा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक गोयल के नाम प्रमुखता से है। हालांकि, टिकट की दौड़ में समाजसेवी ललित जायसवाल, अजय शर्मा, पवन गोयल समेत अन्य नाम भी शामिल है। इनके साथ ही पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल भी टिकट की दौड़ में है। भाजपा के एक बड़े पदाधिकारी के नाम की भी चर्चा है, लेकिन उन्होंने इसे अफवाह करार दिया। महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के सबसे बड़े पैरोकार सांसद अतुल गर्ग है। अतुल गर्ग का पूरा प्रयास है कि टिकट संजीव शर्मा को मिले। माना जा रहा है कि भाजपा इसी सप्ताह गाजियाबाद समेत सभी आठ सीटों पर प्रत्याशियों की नामों की घोषणा कर देगी।

यदि कांग्रेस में देखें तो पूर्व सांसद स्व. सुरेंद्र प्रकाश गोयल के पुत्र सुशांत गोयल का नाम तेजी से चल रहा है। सुशांत यहां से पहले भी विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। इसके साथ ही पूर्व महानगर अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज जो कांग्रेस प्रवक्ता डॉली शर्मा के पिता है। इनके साथ ही चर्चा है कि पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा भी कांग्रेस से टिकट के लिए प्रयासरत है। इसके साथ ही एक पूर्व विधायक के नाम की चर्चा भी गर्म है। इतना ही नहीं तरूण रावत, पूर्व एआरटीओ अर्जुन सिंह के पुत्र प्रमोद कुमार, डा. संजीव शर्मा के नाम भी प्रमुखता से बताये जाते है। कांग्रेस भी 18 अक्टूबर के बाद ही प्रत्यशी की घोषणा कर सकती है। इस समय सभी दावेदार बड़े नेताओं के घरों पर माथा टेकने में व्यस्त है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *