Dainik Athah

उत्तर प्रदेश में कानून का राज नहीं है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज नहीं है। उत्तर प्रदेश के कासगंज में एक दलित को रामलीला देखते समय, मंच के करीब कुर्सी पर बैठने पर पुलिस द्वारा अपमानित व पीटे जाने के बाद उस दलित की आत्महत्या का समाचार बेहद दुखद और सामाजिक रूप से चिंताजनक है।

आजादी का तथाकथित अमृतकाल मना रही भाजपा सरकार के समय में प्रभुत्ववादी सोच को जो बढ़ावा दिया जा रहा है, ये उसका ही परिणाम है कि पीडीए के साथ ऐसा अपमानजनक व्यवहार करने का दुस्साहस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज का शारीरिक अपमान दरअसल पीडीए के लोगों को मानसिक रूप से कमजोर करने के एक बड़े मनोवैज्ञानिक षडयंत्र का हिस्सा है। ऐसी घटनाओं पर लीपापोती करना उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की आदत बन गयी है। यह घोर निंदनीय।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में कोई सुरक्षित नहीं है। महिलाएं, बहन-बेटियां के साथ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। दबंगों, अपराधियों को सरकार का सरंक्षण मिला हुआ है। पुलिस मनमानी पर उतारू है। भाजपा सरकार के इशारे पर पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों को पुलिस प्रशासन प्रताड़ित करता है। भाजपा सरकार में न्याय नहीं मिल रहा है। अन्याय, अत्याचार चरम पर है। इस सरकार में किसान, नौजवान, व्यापारी, महिलाएं सभी दु:खी और परेशान है। 2027 के विधानसभा चुनाव में सभी लोग एकजुट होकर भाजपा की अहंकारी और अत्याचारी सरकार को हराकर सत्ता से बाहर कर रास्ता दिखाएंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *