Dainik Athah

जबसे भाजपा की सरकार बनी है तबसे जानवरों का आतंक बढ़ा है: अखिलेश यादव

भेड़ियों से पीड़ितों को सपा प्रमुख ने दी आर्थिक सहायता

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ के डा. राममनोहर लोहिया सभागार में जनपद बहराइच के महसी क्षेत्र में भेड़िया के हमलों से जिन वयस्क-बच्चों समेत 10 जाने गईं उनमें सात शोक संतप्त परिवारीजनों को समाजवादी पाटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी। घायलों को 25-25 हजार रुपए की मदद दी गई। मृतकों में शायरा पुत्री साकिम उल्ला और छोटू पुत्र शकील को शासन की ओर से कोई मदद नहीं मिली उन्हें पीड़ित भी नहीं माना जा रहा हैं।

अखिलेश यादव ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि जबसे भाजपा की सरकार बनी है तबसे जानवरों का आतंक बढ़ा है। भाजपा सरकार ने वादे तो कई बार किए कहा इसका रोडमैप भी तैयार है। परन्तु छुट्टा पशुओं और वन्य जीवों से बचाव में कुछ नहीं हुआ। इस काम के लिए दिया गया अरबो के फंड का क्या हुआ? भाजपा सरकार अगर भेडिये को पकड़ नहीं पा रही है तो ठोको नीति के तहत यह जिम्मेदारी एसटीएफ को सौंप देना चाहिए। जिन्होंने वादे किए उनकी भी जवाबदेही होनी चाहिए और वादाखिलाफी पर सवाल भी उठने चाहिए।

यादव ने कहा कि जंगली जानवरों के आतंक से लोग बहुत डरे हुए है। बिजनौर, पीलीभीत, सीतापुर, लखीमपुर, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर में जानवरों ने जंगलों से निकलकर लोगों पर हमला किया। बहराइच में 10 मृतक और लगभग 60 लोग घायल है। वन विभाग 14 और सरकारी अस्पतालों में 45 लोगों के इलाज की सूचना है। मृतक के आश्रितों और घायलों को मदद देने में भी जाति-धर्म देखकर पक्षपात और भेदभाव किया जा रहा है। 2 परिवारों को जो एक विशेष समुदाय के हैं कोई मदद नहीं मिली। कहा गया कि भेड़ियों से हमले के शिकार उनके बच्चों के शव नहीं मिले। कम से कम गरीबों के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। समाजवादी पार्टी की मांग है कि जिन बच्चों की जान गई है, उनके परिवार को 10 लाख रुपये की मदद की जाए। घायलों को एक लाख रुपये की मदद और पूरे इलाज का खर्च सरकार को उठाना चाहिए।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में जंगलों की अवैध कटाई की वजह से जानवर बस्तियों में आ जाते हैं। इस समस्या के समाधान में बुलडोजरी सोच से बचना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कभी ड्रोन उड़ाती है, कभी मुख्यमंत्री जी गोद में बच्चा लिए फोटों खिंचाते हैं यह जताने के लिए कि बच्चे सुरक्षित है और मदद कर दी गई है। हकीकत उल्टी है सरकार हर बात छुपाना चाहती है। तराई क्षेत्रों में बाढ़ है। खुद मुख्यमंत्री के गृहजनपद गोरखपुर में बाढ़ है, लोग महीनों से परेशान हैं। अपनी कमी छुपाने वाले सच्चाई क्यों बताएंगे?
इस अवसर पर माता प्रसाद पाण्डेय नेता विरोधी दल, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, पूर्व मंत्री यासर शाह एवं नरेन्द्र वर्मा सहित रामहर्ष यादव एडवोकेट जिलाध्यक्ष बहराइच समाजवादी पार्टी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *