Dainik Athah

भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘मन की बात’ में प्रभारी मंत्री के समक्ष उड़ेल दी पीड़ा

  • जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ की बैठक
  • गाजियाबाद में हाऊस टैक्स बढ़ोत्तरी को गैर वाजिब बताया गया
  • भाजपा कार्यकर्ताओं पर ज्यादा निशाना साधती है कमिश्नरेट पुलिस
  • जीडीए के कारनामे भी रखे प्रभारी मंत्री के सामने

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण जब भाजपा कार्यकर्ताओं के मन की बात सुनी तो मौका देखकर कार्यकर्ताओं ने पुलिस, जीडीए और नगर निगम के साथ ही वन विभाग के खिलाफ भड़ास निकालने में देरी नहीं की। कार्यकर्ताओं ने यहां तक कह दिया कि भाजपा कार्यकर्त्ता होने के कारण उन्हें विशेष रूप से निशाने पर लिया जाता है, जबकि प्रदेश में भाजपा सरकार है।

जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण बुधवार को गाजियाबाद आये तो उन्होंने महानगर पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और वरिष्ठ भाजपाईयों के साथ एक कार्यकर्त्ता बैठक का आयोजन राजनगर एक्सटेंशन में स्थित एक बैंक्वेंट हाल में किया। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने की। प्रभारी मंत्री ने जिला- महानगर की टीम को उत्कृष्ठ संगठनात्मक कार्य एवं शानदार जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा हमें कई जगह हार मिली है। हार का स्वाद कड़वा होता है मगर यह भी सत्य है कि अभी भी दोनों जगह हमारी सरकार है। अब हम और अधिक सकारात्मक कार्य करने के लिए आगे बढ़े। अपने माध्यम से कम से कम पांच लोगों को सरकार की योजनाओं से जरूर जोड़े। आपका यह कार्य मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा पीएम मोदी का नारा सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास हमारे लिए ब्रह्म वाक्य के समान है। उन्होंने इस बैठक को कार्यकतार्ओं से सम्बद्ध करते हुए कार्यकतार्ओं से लेकर नेताओं से मन की बात जानी।

कार्यकतार्ओं ने प्रभारी मंत्री असीम अरुण के समक्ष अपनी पीड़ा जुबानी और लिखित में रखी। कार्यकतार्ओं ने कहा पुलिस भाजपा का झंडा देखकर गाड़ी को रोकती है जैसे कि वे कोई बदमाश हो। इसके साथ ही थानों- चौकियों समेत अन्य स्थानों पर उनकी सुनवाई नहीं होती। उन्होंने पुलिस चालान का मुद्दा भी उठाया। पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ नेता राजेेंद्र त्यागी ने नगर निगम के भारी भरकम हाऊस टैक्स का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अपनी ही सरकार मतदाताओं पर दो सौ से तीन सौ गुना हाऊस टैक्स लगाये यह न्याय के खिलाफ है। उन्होंने कहा हाऊस टैक्स बढ़ाया जाये, लेकिन नियमों के अनुसार हो। इस पर भारी भरकम हाऊस टैक्स को मंत्री ने गलत बताया और कहा कि वे बात करेंगे।

भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष ने जीडीए की कार्यवाही का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रताप विहार में जीडीए ने एक पूर्व पदाधिकारी की दुकान पर बुलडोजर चला दिया। कार्यकर्ता की दुकान दस दुकानों के बीच में है, जबकि अन्य को छेड़ा नहीं गया।

कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनें दो वर्ष हो गये हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं का समायोजन नहीं हो रहा। नगर निगम एवं जीडीए तक में अब तक पार्षद एवं सदस्य नामित नहीं किये गये हैं, बाकि पदों की तो बात ही छोड़ दें। इसके साथ ही बिजली विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाये गये। वन विभाग के संबंध में कहा गया कि पौधा रोपण के दौरान फर्जी आंकड़े वन विभाग पेश करेगा। पौधे इतनी संख्या में लगाये ही नहीं जाते। प्रभारी मंत्री ने सभी विषयों को संज्ञान में लेकर उन पर तत्काल कार्य करने का आश्वासन दिया।

बैठक में महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, बलदेव राज शर्मा, पूर्व महापौर आशु वर्मा, आशा शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा राजा वर्मा, पूर्व अध्यक्ष अमर दत्त शर्मा, अरविन्द भारतीय, अजय शर्मा, सरदार एसपी सिंह, अशोक मोंगा, विजय मोहन, पृथ्वी सिंह कसाना, पूर्व विधायक प्रशान्त चौधरी, हातम सिंह नागर, वीरेश्वर त्यागी, राजेश्वर प्रसाद, राजेंद्र त्यागी, अनिल स्वामी, प्रदीप चौहान, महामंत्री पप्पू पहलवान, गोपाल अग्रवाल, राजेश त्यागी, सुशील गौतम, बॉबी त्यागी, रनिता सिंह, प्रदीप चौधरी, कुलदीप त्यागी, संजीव चौधरी, संजय रावत, इंदु जौहरी, संजीव झा, बीएल गौतम, संजय कांत शर्मा, उदिता त्यागी, अनीता शर्मा, भक्ति सिंह, नीलम भारद्वाज, शीतल चौधरी, मधुकर त्यागी, संजय सिंह, विजेंद्र चौहान, अभिनव जैन आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *