Dainik Athah

भाजपा ने क्षत्रिय समाज का अपमान किया: मायावती

  • गाजियाबाद में भाजपा के साथ ही विपक्षी दलों पर बरसी बसपा प्रमुख
  • बसपा अकेली पार्टी है जिसने हर वर्ग को आबादी के हिसाब से भागीदारी दी है: मायावती

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद
। बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने क्षत्रिय समाज का अपमान करने का काम किया है। उन्होंने कहा जुमलेबाजी अब काम नहीं आने वाली है। जनता अच्छे दिन आने के सपनों की असलियत जान चुकी है। उन्होंने कहा निष्पक्ष चुनाव हुए तो भाजपा इस बार केंद्र में वापस नहीं आने वाली है। उन्होंने गाजियाबाद से क्षत्रिय समाज के साथ ही पंजाबी और गुर्जर समाज को भी साधने का काम किया।

कविनगर स्थित रामलीला मैदान में बसपा प्रत्याशियों के समर्थन में रविवार को जनसभा को संबोधित करते हुए बसपा प्रमुख ने कहा कि बसपा अकेली ऐसी पार्टी है जिसने आबादी के हिसाब से सभी जातियों एवं वर्गों के लोगों को टिकट दिया है, जबकि भाजपा हर समाज का अपमान करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्षत्रिय समाज के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं, लेकिन दुख की बात है कि भाजपा व अन्य दल जो अपने आप को क्षत्रियों का हिमायती कहते हैं, इस बार लोकसभा चुनाव में खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्षत्रिय समाज के लोगों को किसी भी पार्टी टिकट नहीं दिया।भाजपा ने उनकी उपेक्षा की है, लेकिन बसपा एक ऐसी पार्टी है, जिसने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अन्य समाज के साथ क्षत्रिय समाज का भी आदर और सम्मान किया है।

इसके साथ ही मायावती ने कहा कि गुर्जर समाज को भी टिकट बंटवारे में उचित भागीदारी दी है। कई टिकट क्षत्रिय समाज को दिए हैं, गाजियाबाद इसका जीता जागता उदाहरण है। यहां समाज के नंदकिशोर पुंडीर को टिकट दिया गया है। पंजाबी समाज से जितेंद्र कालरा को लखीमपुर खीरी से टिकट दिया है। गुर्जर समाज से बागपत में टिकट दिया है।

बसपा प्रमुख ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार ने पूर्व में केंद्र में सत्ता में रही कांग्रेस सरकार की तरह किसानों पर ध्यान नहीं दिया। भाजपा की जातिवादी, सांप्रदायिक और पूंजीवादी सोच और नीतियां किसानों का उत्थान नहीं कर पाई हैं। गरीब, आदिवासी, दलित, मुस्लिम और समाज के अन्य अल्पसंख्यक समुदाय के स्तर को सुधारने और उनके कल्याण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए। बेरोजगारों को रोजगार देने और शिक्षा नीति में सुधार को लेकर कोई काम नहीं हुआ। भाजपा ने कांग्रेस से भी आगे जाकर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चार बार बसपा सरकार रही और उन सरकारों ने किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम दिया, किसानों का भला किया। लेकिन मौजूदा सरकार की गलत कृषि नीतियों के चलते किसान आंदोलित रहता है। गलत आर्थिक नीतियों की वजह से देश का विकास रुक गया है। देश में फैला भ्रष्टाचार विकास में बड़ी बाधा है।

मायावजी ने कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों की उपेक्षा कर रही है। आरक्षित श्रेणी के सरकारी नौकरियों में खाली पड़े पदों पर सरकार 10 साल बाद भी पर्याप्त संख्या में भर्ती नहीं कर पाई है। सच्चर कमेटी की रिपोर्ट से पता चला है कि दलित और आदिवासी समाज की उपेक्षा की जा रही है। कहा कि, विरोधी पार्टियां किस्म-किस्म के हथकंडे अपना रही हैं। हवाई घोषणा पत्रों के प्रलोभन में नहीं आना है। बसपा की चार सरकारों के काम की अन्य पार्टियां नकल कर रही हैं। केंद्र में आने पर उत्तर प्रदेश में रही बसपा सरकारों की तरह ठोस काम किया जाएगा। धर्म के आधार पर राजनीति कर रही पार्टियों को जनता इस बार सबक सिखाएगी। कथनी और करनी में अंतर रखने वाली सरकार को केंद्र में आने से रोकना है। इसके लिए भाजपा, कांग्रेस व अन्य को वोट न देकर बसपा को वोट करना है।

उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार बनने पर सभी वर्गों का विकास किया जाएगा। सर्वजन के साथ आदिवासी, मुस्लिम, दलित एवं अन्य धार्मिक व अल्पसंख्यक लोगों के उत्थान के साथ-साथ जरूरी कदम उठाए जाएंगे। देश के महापुरुषों और महात्माओं का सम्मान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *