Dainik Athah

दो नवयुवकों की पार्टी देश में संयुक्त रूप से भी 50 सीटों का आकड़ा नही छूने वाली: भूपेंद्र सिंह चौधरी

राहुल गांधी- अखिलेश यादव की प्रेस कांफ्रेंस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पलटवार

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि दो लड़कों की जोड़ी पहले भी उत्तर प्रदेश में फ्लॉप रही थी और एक बार फिर इस जोड़ी को यूपी की जनता सिरे से नकार देगी। जिनके थीम सांग में ही ये कहा जा रहा हो कि दिल्ली में प्रवेश की खातिर व राहुल और अखिलेश की खातिर जनता वोट करे, ऐसे सत्ताभोगी और स्वार्थी लोगों को जनता अच्छी तरह पहचानती है। इनका जनता के मुद्दों से कोई लेना-देना नहीं है। इनके वादे जुबानी जमाखर्च से ज्यादा कुछ नहीं। इनके सारे वादे सत्ता में आने की छटपटाहट दिखाते हैं, क्योंकि न तो गरीब और किसान इनकी नीति में हैं और न ही नीयत में। दशकों तक देश पर राज करने के बाद भी आज जब वो गरीब की बात करते हैं तो मोदी पर नहीं, बल्कि खुद पर ही सवाल उठाते हैं। प्रदेश और देश की जनता उनके दिल्ली के तख्त पर आसीन होने की लालसा को कभी पूरा नहीं होने देगी, क्योंकि उसे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी पर यकीन है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस पर निशाना साधते हुए साफ किया कि जो दल मिलकर एक साझा मैनिफेस्टो तक नहीं बना सके, वो मिलकर देश चलाने की बात करते हैं। उनके मैनिफेस्टो में सिर्फ वादे ही वादे हैं, इन वादों को पूरा करने का कोई मास्टर प्लान नहीं। प्रदेश और देश की जनता उनकी बातों में आने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा कि दो नवयुवकों की पार्टी देश में संयुक्त रूप से भी 50 सीटों का आकड़ा नही छूने वाली है। उत्तर प्रदेश में दोनो ही दलों को जनता शून्य पर आउट करने वाली है। जिन्होंने संविधान में बार-बार संशोधन किए उन्हें आज संविधान की चिंता हो रही है। जिनकी सरकारों के समय काम कम और भ्रष्टाचार (टूजी, सीडब्ल्यूजी, कोल घोटाला) ज्यादा हुआ वो दूसरों को सर्टिफिकेट दे रहे हैं। जिनकी सरकारों में राजस्थान जैसे राज्य पेपर लीक के नए अड्डे बन गए थे, बोर्ड की परीक्षाओं में खुलेआम नकल कराई जाती थी, पैसे के दम पर सेंटर के सेंटर बुक कर लिए जाते थे, सामूहिक नकल के लिए ठेके उठते थे, नकल माफिया सरकारी धन पर पोषित किए जाते थे और पुलिस-प्रशासन मूक दर्शक बने रहते थे, वो नकल विरोधी कानून क्या बनाएंगे? आज केंद्र और भाजपा की प्रदेश सरकारें पेपर लीक पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम कर रही हैं और दोषियों को ऐसी सजा दिलाई जा रही है जो एक सबक बनेगी।

भूपेंद्र चौधरी ने कांग्रेस के गरीबी हटाने के वादे पर भी तंज करते हुए कहा कि जिनके खुद के अकाउंट फ्रीज हो चुके हैं वो दूसरों के अकाउंट में क्या पैसा डालेंगे? कांग्रेस का घोषणा पत्र पहले के घोषणा पत्र जैसा ही है। वे गरीबी हटाने की बात 70 साल से करते आ रहे हैं, लेकिन जनता की गरीबी तो दूर नहीं हुई भ्रष्टाचार आ रहें हैं, लेकिन जनता की गरीबी तो दूर नहीं हुई। इसके विपरीत भ्रष्टाचार के दलदल में डूबकर इनके नेता जरूर करोड़पति हो गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का गरीब महिलाओं को एक लाख रुपए सालाना देने का वादा चुनावी हथकंडे से ज्यादा कुछ नहीं। किसानों को लीगल एमएसपी के वादे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं, क्या वहां पर किसानों को लीगल एमएसपी मिल गया है, क्या वहां किसानों का कर्ज पूरी तरह माफ हो गया है। ये सिर्फ वादे करेगे, लेकिन पीएम मोदी वादे नहीं करते बल्कि गारंटी देते हैं। उन्होंने भविष्यवाणी की कि गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर पहुंचते-पहुंचते हाथ पूरी तरह साफ और साइकिल के दोनों टायर पंचर हो जाएंगे। उन्होंने दोहराया कि जो 14 में हारे थे, वो 24 में उससे भी बुरी तरह हारेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ये थके हुए लोगों का गठबंधन है और हारे हुए लोगों के लिए ही उम्मीद है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जब पहले चरण के चुनाव में मात्र दो दिन शेष हैं तब प्रदेश में इनकी एंट्री हो रही है। उन्होंने कहा कि ये दोनों परिवार वादी नेता अपने परिवार को आगे बढ़ाने के लिए सत्ता पर काबिज होना चाहते हैं। एक खुद को आलमोस्ट पीएम समझते है तो दूसरे आलवेज सीएम मानकर वैसा व्यवहार करते हैं। हालांकि अभी दोनो ही के लिए काई भी वैकेंसी खाली नहीं है। देश का किसान, नौजवान और महिला हर किसी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी गारंटी पर भरोसा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम छू रहा है और जनता लगातार तीसरी बार उन्हें पीएम बनाकर विकास की इस रफ्तार को मजबूती देने के लिए संकल्पित है। यूपी में भाजपा जनआशीर्वाद से 80 की 80 और देश में 400 पार करने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *